चारा तक खा जाने वालों के मुंह से रोजगार की बात बेमानी

चारा तक खा जाने वालों के मुंह से रोजगार की बात बेमानी

बगहा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दस लाख नौकरी देने के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जमकर निशाना साधा और कहा कि पशुओं का चारा तक खा जाने वालों से राज्य के लाखों लोगों को रोजगार देने की बात बेमानी है।

योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकि नगर विधानसभा क्षेत्र के धनहा के दौनाहा गांव में वाल्मीकिनगर विधानसभा के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह तथा वाल्मीकि नगर लोकसभा उपचुनाव के राजग प्रत्याशी सुनील कुमार के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में कांग्रेस एवं राजद पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि बेजुबान मवेशियों का हक मारने वाले नौजवानों को क्या देंगे। ये वही लोग हैं जो पशुओं का चारा खा जाते हैं और नौजवानों को रोजगार देने की बात करते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस और राजद की सरकार ने केवल राज्य की जनता की आंखों में धूल झोंका है, यहीं नहीं, जाति के नाम पर बिहार को बांटा भी है। इन दलों ने मत और मजहब के आधार पर सामाजिकता को छिन्न–भिन्न किया है।

epmty
epmty
Top