वीआईपी अध्यक्ष मुकेश- जो महागठबंधन नहीं बचा पा रहे वह कैसे संभालेंगे बिहार

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में सम्मानजनक सीट नहीं मिलने से नाराज होकर महागठबंधन छोड़ चुकी विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने आज राज्य की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एवं प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि जो महागठबंधन नहीं बचा पा रहे वह राज्य को कैसे संभालेंगे।
वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने रविवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में राजद नेता तेजस्वी यादव की कथनी एवं करनी में अंतर को लेकर सवाल खड़े किए और कहा कि जब बात सीटों की हो चुकी थी तब उन्हें इसकी घोषणा करने में दिक्कत क्यों हुई जबकि दो दिन पहले उनके पास आई पार्टी (वामदल) की सीटों की घोषणा करने में उन्होंने देर नहीं की। उन्होंने नेता तेजस्वी यादव की नेतृत्व क्षमता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जो महागठबंधन को नहीं बचा पा रहे वह राज्य को कैसे संभालेंगे इसलिए, वह भविष्य में कभी भी उनके साथ राजनीति नहीं करेंगे। हालांकि वह उनके बड़े भाई तेजप्रताप के बारे में विचार कर सकते हैं।
वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों के साथ विमर्श के बाद 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया है तथा प्रथम सूची की घोषणा 05 अक्टूबर को जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वीआईपी, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के विचारों से प्रभावित होकर महागठबंधन में शामिल हुई थी लेकिन अब राजद, लालू प्रसाद यादव की पार्टी नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि तेजस्वी ने उन्हें लोकसभा चुनाव में भी धोखा दिया था। दरभंगा सीट पर बात हुई थी लेकिन एक साजिश के तहत उन्हें खगड़िया लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने पर मजबूर किया गया। विधानसभा उपचुनाव में भी उनके साथ छल किया गया।
वार्ता