निकाय चुनाव में बागी हुए भाजपा नेताओं को पार्टी ने किया बाहर

कासगंज। निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत करने वाले भाजपा नेताओं को पार्टी ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव चल रहे हैं। उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज के जिला अध्यक्ष के पी सिंह सोलंकी ने बागी पार्टी नेताओं को 6 साल के लिए भाजपा से निष्कासित कर दिया है। भाजपा जिला अध्यक्ष के पी सिंह सोलंकी के मुताबिक कासगंज नगर पालिका परिषद में पार्टी का टिकट नहीं मिलने से बागी हुई पूर्व चेयरमैन डॉ शशि लता चौहान को निष्कासित कर दिया है। टिकट नहीं मिलने से नाराज शशि लेता चौहान सपा और आम आदमी पार्टी के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में डटी हुई हैं।
इसके साथ ही जनपद की नगर पालिका परिषद सोरो में भी तीन बागी प्रत्याशियों अर्चना यादव , उनके पति सुधीर यादव व आप पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं मुकेश को भी 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। इसके साथ ही नगर पंचायत सिढ़पुरा में टिकट नहीं मिलने से पूर्व चेयरमैन कंचन गुप्ता भी बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में डटी हुई है। भाजपा जिला अध्यक्ष केपी सिंह ने कंचन गुप्ता को भी 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसके अलावा सहावर नगर पंचायत से भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रही खुशबू गुप्ता को भी निष्कासित कर दिया गया है।