खेत से घर जा रहे 2 किसानों को हिस्ट्रीशीटर ने सुलाया मौत की नींद

खेत से घर जा रहे 2 किसानों को हिस्ट्रीशीटर ने सुलाया मौत की नींद

शामली। जंगल में स्थित खेतों में काम करने के बाद अपने घर लौट रहे किसानों को अलग-अलग स्थानों पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों की मदद से पहले धारदार हथियारों से हमला कर बुरी तरह से घायल किया, उसके बाद दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। एक साथ दो किसानों की हत्या कर दिए जाने से इलाके में दहशत का माहौल पसर गया है। सूचना पाकर दौड़ी पुलिस ने दोनों किसानों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं।

जनपद शामली की सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव लाक निवासी किसान पल्ला एवं विनोद जंगल में स्थित खेतों में काम करने के लिए गए थे। जिस समय दोनों किसान अपना काम धंधा समाप्त करने के बाद घर लौट रहे थे, तो रास्ते में गांव के ही हिस्ट्रीशीटर विवेक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों किसानों की अलग-अलग स्थानों पर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पहले हिस्ट्रीशीटर ने धारदार हथियारों से हमला करते हुए किसानों को लहूलुहान कर दिया। उसके बाद गोली मारकर दोनों को हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया। ताबड़तोड़ तरीके से एक के बाद हुए एक डबल मर्डर की वारदात से जहां गांव में दहशत का माहौल पसर गया है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम के साथ मौके से फरार हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों की ओर से जब पुलिस को सूचना दी गई तो दोहरे मर्डर की जानकारी पाते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों किसानों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। घटना के पीछे जमीनी विवाद की रंजिश की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया है कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों किसानों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। इसके बाद आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।



epmty
epmty
Top