सीमा से तिरंगे में लिपटकर वापिस लौटता है किसान- जयंत चौधरी

सीमा से तिरंगे में लिपटकर वापिस लौटता है किसान- जयंत चौधरी

शामली। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने किसानों की महापंचायत में हुंकार भरते हुए कहा कि किसान अपने देश के प्रति पूरी तरह से वफादार है। जो लोग किसानों पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगा रहे है, उन्हे पता होना चाहिए कि फौज में भर्ती हुआ किसान का बेटा सीमा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद होकर तिरंगे में लिपटकर वापिस लौटता है।

शुक्रवार को जनपद के गांव भैंसवाल में आयोजित की गई किसानों की महापंचायत में शामिल होने के लिए पहुंचे रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी का किसानों द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस उपाध्यक्ष पंकज मलिक व अन्य किसान नेताओं के स्वागत में भी आयोजकों ने पलक पावडे बिछा दिए। महापंचायत के लिए बनाए गए मंच से हुंकार भरते हुए रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि देश का किसान अपने मान सम्मान के प्रति पूरी तरह से सजग है। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानून किसान विरोधी है। जिन्हें वापस लिए जाने की मांग को लेकर देशभर के किसान राजधानी दिल्ली के बॉर्डरों पर आंदोलन करते हुए डटे हैं। लेकिन केंद्र सरकार किसानों की कोई सुनवाई नहीं कर रही है।


उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आवाज को दबाने के लिए नोटिस भेज रही है। जबकि देश का किसान अपने वतन के प्रति पूरा वफादार है और वह कभी भी तिरंगे के अपमान की सोच नही रखता। उन्होंने कहा कि किसानों को जाति-धर्म का भेद भुलाकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए किसान रूप में एक मंच पर आना होगा। उन्होंने किसानों को चेताया कि जाति-धर्म का भेद भुलाकर यदि एक नही हुए तो हम कमजोर हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे देश के किसानों की नई पीढी पर गर्व है, जो पूर्व में हुई भूल-सुधार की सोच रखता है।



उन्होंने कहा कि रालोद पूरी तरह से किसानों के साथ है और किसान भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के साथ खड़ा हुआ है। रालोद अग्रिम मोर्चे पर रहकर किसानों के मान सम्मान की लड़ाई लड़ेगी। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक ने केंद्र एवं राज्य सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए अपने उद्बोधन से किसानों में जोश भरा। उन्होंने दिल्ली में किसानों को आने से रोकने के लिए बनाए गए लोहे के कटीले तारों की बैरीकेडिंग और नुकीली कीलों को सडक पर लगाये जाने को लेकर अपना आक्रोश जताया।

महापंचायत में हरियाणवी सिंगर अजय हुड्डा की उपस्थिति ने किसानों विशेषकर युवाओं में काफी उत्साह पैदा किया। रालोद की इस किसान महापंचायत को समाजवादी पार्टी, जाट महासभा, खाप संगठनों के अलावा किसान संगठनों का भी समर्थन मिला। महापंचायत में रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह चेयरमैन, सपा नेता सुधीर पंवार, रालोद नेता अशरफ अली खान, हरियाणा के मशहूर सिंगर अजय हुड्डा आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।

epmty
epmty
Top