फोन पर मांगा ट्रैक्टर- बन गये बंधक

मुजफ्फरनगर। रिश्ता तय होने के बाद फोन पर ट्रैक्टर की मांग की गई। लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष को वार्ता के लिए बुला लिया, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद लड़का पक्ष को बंधक बना लिया गया जिन्हें बाद में पुलिस ने बंधनमुक्त कराया।

जानकारी के अनुसार रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव भनवाड़ा युवती का विवाह फुगाना थाना क्षेत्र के जोगियाखेड़ा गांव निवासी युवक से तय हुआ था। दहेज में लड़की पक्ष ने बाईक देने की बात की थी, जिस पर दोनों पक्षों में सहमति बन गई थी। आरोप है कि शादी से कुछ दिन पूर्व ही अब लड़के पक्ष ने फोन करके ट्रैक्टर की मांग की और धमकी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई, तो वे रिश्ता तोड़ देंगे। लड़की पक्ष ने लड़का पक्ष को इस मामले पर वार्ता के लिए बुलवा लिया। दोनों पक्षों में वार्ता विफल हो गई, इस पर लड़की पक्ष ने अब तक जो सामान दिया था, उसे वापिस मांगा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष को बंधक बना लिया। बाद में किसी तरह से लड़के पक्ष ने अपने गांव में सूचना दी। वहां से ग्रामीण थाना रतनपुरी पहुंचे और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बंधक बनाये गये लोगों को छुड़ाया और दोनों पक्षों को वार्ता के लिए थाने में बुलाया। यहां दोनों पक्षों में समझौता हो गया। लड़का पक्ष ने अब तक दिये गये सामान को वापिस करने की बात पर सहमति जाहिर की, जिसके चलते मामले का पटाक्षेप हो गया।
