हेराफेरी करके सिपाही बने मुजफ्फरनगर के इस युवक की खुली पोल

हेराफेरी करके सिपाही बने मुजफ्फरनगर के इस युवक की खुली पोल

मुरादाबाद। जनपद मुजफ्फरनगर का रहने वाला निशांत कुमार नाम बदलने के साथ-साथ ही कागजातों के भीतर जन्मतिथि में 2 साल की हेराफेरी करके सिपाही बन गया। शिकायत होने पर जब मामले की जांच एसपी देहात की ओर से आरंभ की गई तो जांच में पुष्टि होने पर रिकॉर्ड कीपर की ओर से अब विधिवत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामला उजागर होते ही अब नटवरलाल गायब हो गया है।

दरअसल मुजफ्फरनगर के निशांत कुमार ने अपना नाम बदलने के साथ ही कागजातों में हेराफेरी करते हुए अपनी आयु 2 साल कम कर ली और उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर नौकरी प्राप्त कर ली। निशांत की वास्तविक जन्मतिथि 5 नवंबर वर्ष 1992 है। लेकिन उसने अपने शैक्षिक एवं अन्य परिपत्रों में हेराफेरी करते हुए अपनी जन्मतिथि को 2 साल कम करते हुए 5 नवंबर 1994 कर लिया था। फर्जी जन्मतिथि के आधार पर निशांत वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर भर्ती हो गया था।

किसी ने निशांत द्वारा किए गए इस गोरखधंधे की शिकायत पुलिस के आला अफसरों से कर दी। जिसके चलते एसपी देहात विद्यासागर मिश्र को सिपाही की मुन्नागिरी का मामला जांच के लिए सौंपा गया। जांच में सिपाही के खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए। इसके बाद विभागीय नियमों के तहत सिपाही को नोटिस देकर उसका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। लेकिन आरोपी सिपाही की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सिपाही मुरादाबाद में ही तैनात था।

अब एसपी देहात ने जांच पूरी होने पर रिकॉर्ड कीपर को मामले में मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।

प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया है कि जन्मतिथि में हेराफेरी करने का आरोपी सिपाही निशांत मुरादाबाद में ही तैनात था। लेकिन जांच में जब सिपाही की सच्चाई सामने आई तो वह गायब हो गया है।

epmty
epmty
Top