मामूली सी बात पर रेत दिया पत्नी का गला, खुद भी खाया जहर

मामूली सी बात पर रेत दिया पत्नी का गला, खुद भी खाया जहर

कुशीनगर। मामूली सी बात पर पति गुस्से में इतना पागल हो गया कि उसने अपनी पत्नी का हसिये (धारदार हथियार) से गला रेत दिया। जब उसे अपने किये का पछतावा हुआ, तो उसने स्वयं भी जहर खा लिया। मामले की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में दम्पत्ति को अस्पताल में भर्ती कराया। यह सनसनीखेज वारदात कुशीनगर जिले में हुई।

कुशीनगर निवासी 22 वर्षीय खुशबू का विवाह तीन वर्ष पूर्व विक्रम के साथ हुआ था। उनके डेढ़ माह की बिटिया है। खुशबू पति के साथ मायके में रहती थी। विक्रम व खुशबू दोनों ही मजदूरी करते हैं। बताया जाता है कि कई दिनों से विक्रम कहीं ओर जाकर काम करने के लिए कह रहा था। आज फिर से विक्रम ने खुशबू से बाहर चलकर काम करने के लिए कहा, तो खुशबू ने कहा कि बिटिया अभी काफी छोटी है, इसलिए अभी नहीं जा सकते।


इससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और नाराज विक्रम ने घर में रखे हसिया से खुशबू के गले पर तेजी से वार कर दिया। लहूलुहान होकर खुशबू वहीं गिर पड़ी। चीख पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और खुशबू को घायल अवस्था में पड़ा देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, तब तक विक्रम ने भी आत्महत्या के इरादे से जहर खा लिया था। पुलिस ने तुरंत ही दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से विक्रम को गंभीर हालत के चलते हायर सैंटर के लिए रेफर कर दिया गया। घायल खुशबू के बयान के आधार पर पुलिस ने विक्रम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

epmty
epmty
Top