दुल्हन के दरवाजे पर डांस पर बवाल- फेरे छोड भागा दूल्हा-दुल्हन ने..

दुल्हन के दरवाजे पर डांस पर बवाल- फेरे छोड भागा दूल्हा-दुल्हन ने..

फतेहपुर। बैंडबाजे और डीजे पर बज रहे गानों की मस्ती में चूर होकर चढ़त करते हुए लड़की पक्ष के दरवाजे तक पहुंचे बारातियों में डांस करने को लेकर विवाद हो गया। इस मामले से गुस्साए दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया और बारात लेकर वापस लौट गया। दूल्हे के इस कदम से आहत हुई दुल्हन और उसके परिवार वालों ने मौके पर पुलिस बुला ली। पुलिस के हस्तक्षेप से बनी बात के चलते शादी की रस्में पूरी हुई और बगैर दुल्हन के भागा दूल्हा बाद में दुल्हन के साथ अपने घर वापस लौट गया।

दरअसल जनपद फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जोनिहा चौकी क्षेत्र के फरीदपुर मोड़ के पास स्थित मैरिज हॉल में राधा नगर थाना क्षेत्र के गांव ढकोली में रहने वाला लड़का बारात लेकर दुल्हन लेने के लिए पहुंचा था।

बारात की अगवानी शहबाजपुर गांव के पास गर्मजोशी के साथ की गई। बारात की चढ़त के दौरान बारातियों के साथ जिस समय दुल्हन पक्ष के लोग भी डांस कर रहे थे तो इसी दौरान किसी बात को लेकर घरातियों एवं बारातियों के बीच झगड़ा हो गया।

इस झगड़े से नाराज हुआ दूल्हा अपने परिवार वालों के साथ बारात को लेकर वापस अपने गांव चला गया। उधर दुल्हन के परिवार वालों को जब इस मामले की जानकारी हुई तो वह हैरान रह गए। दूल्हे के इंतजार में सजी-धजी बैठी दुल्हन ने इस मामले से आहत होकर पुलिस से संपर्क किया। जानकारी मिलते ही चौकी इंचार्ज आलोक कुमार तिवारी तुरंत मौके पर पहुंचे और दूल्हे से फोन पर संपर्क किया। जवाब नहीं मिलने पर पुलिस की एक टीम सीधी दूल्हे के घर पहुंच गई। पुलिस ने दूल्हे और उसके परिवार को काफी देर तक समझाया बुझाया।

उधर दुल्हन और उसके परिजनों का इस मामले को लेकर बुरा हाल होता जा रहा था। आखिर कार दूल्हे को समझाबुझाकर पुलिस ने दूल्हे को राजी कर लिया और इसके बाद वह बारातियों के साथ दुल्हन के घर पहुंचा और पुलिस की मौजूदगी में शादी संपन्न होने के बाद सवेरे दुल्हन की विदाई कराकर दूल्हा अपने घर चला गया।

चौकी इंचार्ज आलोक कुमार तिवारी का कहना है कि स्थानीय अराजक तत्वों की वजह से यह विवाद हो गया था। इसके बाद दूल्हा परिजनों के साथ वापस आया और शादी करके दुल्हन को अपने साथ ले गया है। पुलिस अब इस मामले को लेकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए अराजक तत्वों की गिरफ्तारी के लिए दौड़ धूप कर रही है।

epmty
epmty
Top