बैंककर्मी को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े मारी गोली-हालत गंभीर

बैंककर्मी को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े मारी गोली-हालत गंभीर

सहारनपुर। यमुनानगर-सहारनपुर हाईवे से होते हुए ड्यूटी समाप्त करने के बाद घर लौट रहे बैंककर्मी को बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े सीने में गोली मार दी। गोली मारने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ बैंक कर्मी तकरीबन आधे घंटे तक तड़पता रहा। लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी और न ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में घायल हुए बैंककर्मी ने अपने भाई को सूचना दी। जानकारी मिलते ही भाई मौके पर पहुंचा और बैंक कर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे देहरादून के लिए रेफर कर दिया गया है।






बुधवार की अपराहन तकरीबन 4.00 बजे एचडीएफसी बैंक में काम करने वाला अवनीश अपनी बाइक पर सवार होकर यमुनानगर से ड्यूटी समाप्त करने के बाद घर लौट रहा था। जब वह सहारनपुर-यमुनानगर हाईवे पर सरसावा क्षेत्र में पहुंचा तो उसी समय पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए अवनीश को रोक लिया। जब तक युवक बदमाशों की इरादों को समझ पाता, उससे पहले ही बाइक पर पिछली तरफ बैठे बदमाश ने अवनीश के सीने में सटाकर गोली मार दी। गोली मारने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल हुआ अवनीश तकरीबन 35 मिनट तक हाईवे पर पड़ा हुआ तड़पता रहा, लेकिन वहां से होकर गुजर रहे किसी भी व्यक्ति ने ना तो पुलिस को सूचना दी और ना ही घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि दिन के समय हाईवे पर हल्के व भारी वाहनों का रेला दौड़ता रहता है। इसके बाद घायल अवनीश ने अपने भाई रजनीश को सूचना दी कि मुझे गोली मार दी गई है। सूचना मिलने के तकरीबन 15 मिनट के भीतर ही अवनीश का भाई रजनीश मौके पर पहुंचा। वह घायल हुए भाई को सहारनपुर के जिला अस्पताल में लेकर गया। जहां से बैंक कर्मी को देहरादून रेफर कर दिया गया है। एसपी देहात अतुल शर्मा ने कहा है कि युवक को गोली मारने के मामले की पुलिस जांच कर रही है। घायल को देहरादून रेफर कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर एफ आई आर दर्ज की जाएगी।

epmty
epmty
Top