आश्रम में सो रहे ग्रामीण को गोली से उड़ाया-जांच में जुटी पुलिस

मुरादाबाद। जंगल में बने आश्रम में सो रहे ग्रामीण की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। रात के सन्नाटे में चली गोलियों की आवाज सुनते ही आश्रम में सो रहे दो अन्य साधुओं ने तत्काल ही मामले पुलिस को सूचना दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए मृतक ग्रामीण के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिवारजनों की ओर से अज्ञात के विरुद्ध तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की गई है।
कोतवाली गुन्नौर इलाके के गांव कैलकी मढैया निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र शंकर सिंह आमतौर पर धनारी थाना क्षेत्र के गांव भकरौली और वहीपुर के बीच जंगल में बने परमानंदपुर नामक आश्रम पर आते जाते रहते थे। कभी-कभी रात अधिक हो जाने पर राजेंद्र सिंह आश्रम में ही रुक जाया करते थे। सोमवार की रात को भी राजेंद्र सिंह आश्रम में ही रूक गये थे और वह आश्रम के नीचे वाले कमरे में सो रहे थे। मध्यरात्रि के बाद अचानक से हुई फायरिंग की आवाज को सुनते ही आश्रम की दूसरी मंजिल पर सो रहे एक साधु ने तुरंत ही नीचे आकर देखा तो वहां पर राजेंद्र सिंह लहूलुहान अवस्था में पड़े हुए थे।
एक गोली उनके सिर में जबकि तीन गोलियां उनके सीने में लगी हुई थी। जानकारी देने के तकरीबन आधे घंटे के भीतर ही धनारी पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की जानकारी पाकर पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा पुलिस फोर्स को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने गहनता के साथ आश्रम की जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस के मुताबिक वारदात अज्ञात हमलावरों द्वारा अंजाम दी गई है। राजेंद्र सिंह के परिवारजनों की ओर से अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की गई है।