दुकान में लगी आग- दो मकान हुए जलकर राख

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच शहर के ब्राह्मणीपुरा मोहल्ले में स्थित रुई की दुकान में दोहपर में अज्ञात कारणों से आग लग गई।
संकरे रास्ते में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। वहीं फखरपुर और रिसिया विकास खंड क्षेत्र में आग लगने से दो फूस के मकान जलकर राख हुए हैं। चार लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर के कोतवाली नगर अंतर्गत मोहल्ला ब्राह्मणीपुरा निवासी सुशील कुमार उर्फ बाबी की रुई का गोदाम बाजार में स्थित है। सोमवार दोपहर में अज्ञात कारणों से रुई के गोदाम में आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज उठने लगीं।
अग्निशमन कर्मियों को सूचना दी गई। अतिक्रमण के चलते दमकल कर्मी देर में पहुंचे। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लगभग दो लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
वहीं फखरपुर विकास खंड के ग्राम रमवापुर टेंड़वा अल्पीमिश्र निवासी भाजपा कार्यकर्ता हृदयराम गुप्ता के मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। अग्निकांड में 16 हजार 700 रुपये नकदी, कपड़ा, बर्तन, अनाज सबकुछ जल गया। डेढ़ लाख की संपत्ति का नुकसान अग्निकांड में हुआ। रिसिया विकास खंड के ग्राम विशुनापुर में विद्युत तार टूटकर गांव निवासी सलमान पुत्र रहूब मनिहार के छप्पर पर गिर गया। जिससे घर में रखा गैस सिलेंडर, अनाज जल गया। एक बकरी की भी झुलसकर मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर बिजली सप्लाई काटी गई। जिससे आग फैलने से रोका जा सका। सभी जगह अग्निकांड में चार लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षति का मुआयना किया है। रिपोर्ट तहसील को भेज दी है।
वार्ता