छेड़छाड़ को लेकर बवाल- दो पक्षों के संघर्ष में बहा खून, कई घायल

छेड़छाड़ को लेकर बवाल- दो पक्षों के संघर्ष में बहा खून, कई घायल

अमेठी। किशोरी के ऊपर की गई छींटाकशी के मामले को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। खूनी संघर्ष की इस वारदात में दोनों पक्षों के तकरीबन आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना के बाद दौड़ी पुलिस ने घायल हुए लोगों को सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से एक व्यक्ति को गंभीर स्थिति के चलते ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के वारिस गंज चौकी स्थित खौपुर गांव में रहने वाली एक किशोरी के साथ शनिवार को घर के नजदीक रहने वाले युवक ने स्कूल जाते समय छींटाकशी कर दी थी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब शाम के समय किशोरी अपने घर पहुंची तो उसने युवक की हरकतों की जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद शनिवार की रात दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। लेकिन मौके पर जमा हुए लोगों ने मामले को शांत करा दिया।

रविवार की देर रात दोनों पक्षों के लोग एक बार फिर से आमने-सामने हो गए, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। संघर्ष की इस वारदात से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। हमलों में दोनों पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। गांव वालों की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और घायल हुए सभी लोगों को जगदीशपुर स्थित सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां 50 वर्षीय नंदलाल को गंभीर हालत के चलते ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

epmty
epmty
Top