फर्जी डिग्री पर कराया रजिस्ट्रेशन- बन गए डॉक्टर साहब- अब देख रहे हवालात

फर्जी डिग्री पर कराया रजिस्ट्रेशन- बन गए डॉक्टर साहब- अब देख रहे हवालात

देहरादून। जोड़-तोड़ करके पैसों के बलबूते फर्जी इंस्टिट्यूट चलाने वाले जालसाज से चिकित्सक की फर्जी डिग्री हासिल कर सरकार से रजिस्ट्रेशन प्राप्त कर लिया। धड़ल्ले के साथ मरीजों का इलाज कर मोटी रकम डकार रहे डॉक्टर साहब को अब पुलिस द्वारा सहारनपुर में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया है। अरेस्ट किए गए चिकित्सक 20वं डॉक्टर साहब है, इससे पहले फर्जीवाड़ा कर हासिल की डिग्री के सहारे प्रैक्टिस करने वाले 19 चिकित्सक गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

बृहस्पतिवार को सीओ मसूरी अनिल जोशी ने बताया कि बीएएमएस की फर्जी डिग्री के जरिए भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड में पंजीकरण कराने वाले कई डॉक्टर इस समय फरार चल रहे हैं। इस मामले में 19 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जबकि, फर्जीवाड़े से पंजीकरण कराकर डाक्टरी करने के मामले में 55 डॉक्टर चिन्हित हो चुके हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। हाल में तीन टीमें बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रवाना की गईं। एक टीम ने 40 वर्षीय फर्जी डाक्टर आसिफ अंसारी पुत्र इनाम अंसारी निवासी छिपीयान सहारनपुर यूपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया है कि आसिफ ने पूर्व में गिरफ्तार मास्टर माईंड इम्लाख खान से राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंस कर्नाटक की फर्जी डिग्री बनवाई। इसके बाद इम्लाख ने उत्तराखंड में उसका पंजीकरण कराकर दिया। इस आधार पर वह सहारनपुर में प्रेक्टिस कर रहा था। उल्लेखनीय है कि फर्जी शिक्षा इंस्टीट्यूट चलाकर 55 लोगों को फर्जी डिग्री थमाकर उन्हें डाक्टर बनाने वाला आरोपी इमलाख इससे पहले जनपद मुजफ्फरनगर में फर्जीवाड़ा करते हुए शिक्षण इंस्टिट्यूट चला रहा था। जिसके चलते इमलाख ने अकूत जन संपत्ति जोड़कर स्कूल की बिल्डिंग और मकान भी बना लिए थे। पुलिस द्वारा इमलाख के फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ की गई गिरफ्तारी के बाद जमानत पर जेल से छूटकर वह उत्तराखंड कूच कर गया था।

शिक्षा माफिया इमलाख ने वहां पर भी अपने गोरखधंधे को स्टार्ट रखते हुए ऐसे लोगों को अपने चंगुल में फंसाया जो बिना पढ़े लिखे चिकित्सक की डिग्री हासिल कर डॉक्टरी का कारोबार करना चाहते थे। ऐसे लोग इमलाख के लिए सोने का अंडा देने वाली मुर्गी बन गए जिसके चलते इमलाख में सभी से मोटी रकम हासिल करने के बाद उन्हें बीएएमएस चिकित्सक की फर्जी डिग्री थमा दी। जिसके आधार पर उन्होंने उत्तराखंड में अपने रजिस्ट्रेशन करा लिए और इधर उधर प्रैक्टिस करने लगे। पुलिस अभी तक सहारनपुर से पकड़े गए फर्जी चिकित्सक आसिफ समेत अभी तक 20 फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार कर जेल की सैर करा चुकी है।

epmty
epmty
Top