निगेहबान है आंखें- पुलिस के हत्थे चढ़ा गांजा तस्कर

निगेहबान है आंखें- पुलिस के हत्थे चढ़ा गांजा तस्कर

मुजफ्फरनगर। अपने ऐशो-आराम के लिए नशे के माध्यम से दूसरों का भविष्य चौपट करने वाले तस्कर को पुलिस ने लगभग सवा किलो गांजे के साथ गिरफ्तार करते हुए जेल रवाना कर दिया है। पिछले 15 दिनों में बुढाना पुलिस के हत्थे चढ़ा यह पांचवा गांजा तस्कर है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के निर्देशन में जीरो ड्रग्स अभियान चला रही जनपद की बुढाना पुलिस ने शुक्रवार को एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजने में सफलता प्राप्त की है। बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मगनवीर सिंह गिल के नेतृत्व में उप निरीक्षक विजयपाल सिंह, कांस्टेबल सतीश कुमार व संदीप कुमार के साथ कस्बे में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर गश्त कर रहे थे।

इसी दौरान मुखबिर के जरिए कस्बे के लुहसाना रोड पर एक गांजा तस्कर के होने की जानकारी पुलिस टीम के हाथ लगी। तुरंत ही पुलिस टीम ने लुहसाना रोड पर मोहल्ला सफीपुर पट्टी में सितारा मस्जिद के पास छापामार कार्रवाई करते हुए लियाकत पुत्र शौकत को गिरफ्तार कर लिया। जिसके कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक मनवीर सिंह गिल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पिछले काफी समय से गांजा तस्करी में लिप्त है।

पुलिस को आरोपी की काफी समय से तलाश थी। लेकिन वह पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर अपने काम में लगा हुआ था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है। उधर उप निरीक्षक धीरज सिंह और कांस्टेबल कुमार व नवीन बैसला की टीम ने ग्राम बिरालसी में अशोक पुत्र नकली को घर पर दबिश देते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जाता है कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ वर्ष 2006 में चरथावल थाना चालानी कार्रवाई की गई थी।




epmty
epmty
Top