ट्रांसफार्मर फैक्ट्री पर बदमाशों का कब्जा- बंधक बनाकर 30 लाख की लूट

ट्रांसफार्मर फैक्ट्री पर बदमाशों का कब्जा- बंधक बनाकर 30 लाख की लूट

करनाल। ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में घुसे दर्जनभर से भी अधिक हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर तकरीबन 25 से 30 लाख की लूट को अंजाम दिया है। फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई इस लूट में समेटे गए सामान को बदमाश कैंटर में लाद कर ले गए हैं।

करनाल के मेरठ रोड स्थित हरी संस ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में शनिवार की आधीरात के बाद दर्जनभर से अधिक यानी 15 हथियारबंद बदमाश दीवार फांद कर भीतर घुस गए। सभी कर्मचारियों को बंधक बनाने के बाद बदमाश उन्हें फैक्ट्री के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में ले गए और उन्हें हाथ पैर बांधकर डाल दिया। घटना के समय 5 लोग फैक्ट्री के भीतर मौजूद थे। कर्मचारियों को बंधक बनाने के बाद निरंकुश हुए बदमाशों ने इत्मीनान के साथ फैक्ट्री से कीमती सामान समेटा और उसे अपने कैंटर में लाद लिया। बताया जा रहा है कि सभी बदमाशों के पास पिस्तौल, चाकू व अन्य हथियार थे। तकरीबन 4 घंटे तक फैक्ट्री में रहे। बदमाशों ने कॉपर के तार समेत अन्य कीमती सामान को गोदाम का शटर तोड़कर बाहर निकाला तथा उसे अपने कैंटर में लाद लिया।

जाते वक्त बदमाश कर्मचारियों की जेब में रखे पैसे भी निकाल कर ले गए। रविवार की सवेरे जब बदमाश फैक्ट्री से भाग गए तो किसी तरह बंधन खोलकर बाहर आए कर्मचारियों ने फैक्ट्री मालिक विकास अरोड़ा को मामले की जानकारी दी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे मालिक ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। भारी-भरकम लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे अफसरों ने घटना स्थल की छानबीन की और फैक्ट्री तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली। बताया जा रहा है कि लूट की इस घटना में तकरीबन 25 से 30 लाख रुपए का सामान समेटकर बदमाश फरार हुए हैं।

epmty
epmty
Top