अवैध हथियारों की फैक्ट्री बरामद, दो गिरफ्तार- मास्टरमाइंड फरार

अवैध हथियारों की फैक्ट्री बरामद, दो गिरफ्तार- मास्टरमाइंड फरार

सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर की अगुवाई में सामान्य विधानसभा निर्वाचन 2022 सकुशल संपन्न कराने के लिए अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। अवैध हथियारों की फैक्ट्री को बरामद करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को तमंचे बनाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसे मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर के निर्देश पर पुलिस की ओर से सामान्य विधानसभा निर्वाचन 2022 को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अपराधियों के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को महानगर के थाना मंडी क्षेत्र के खाताखेड़ी स्थित गोल्डन सिटी के नाम से मशहूर हयात कॉलोनी के एक मकान में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पूरी तरह से होमवर्क करने के बाद छापामार कार्यवाही की। पुलिस की छापेमारी के दौरान अवैध तमंचा फैक्ट्री में मोसीन उर्फ राजा और शहजाद उर्फ राजा हथियार बना रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ शस्त्र बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस के हत्थे चढ़ा राजा पहले भी शस्त्र फैक्ट्री चलाने के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस की छापामार कार्यवाही की भनक लगते ही एक आरोपी शफीक मौके से फरार हो गया, जिसे अवैध तमंचा फैक्ट्री के संचालन का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस को मौके से बने और अधबने तमंचों के अलावा इन्हें बनाने के उपकरण एवं भारी संख्या में कलपुर्जे भी बरामद हुए हैं। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने बताया है कि मौके से फरार हुआ शफीक हथियारों की सप्लाई करता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उसका बड़ा नेटवर्क है। विधानसभा चुनाव को लेकर हथियार बनाने का बड़ा ऑर्डर आया हुआ था, जिसकी आपूर्ति पूरी करने को लेकर शस्त्र बनाए जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि 1 महीने के भीतर अभी तक महानगर पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र बनाने की 5 फैक्ट्रियां पकड़ी जा चुकी है।

epmty
epmty
Top