बार में लॉकडाउन में भी सुलग रहा था हुक्का-सात गिरफ्तार

बार में लॉकडाउन में भी सुलग रहा था हुक्का-सात गिरफ्तार

लखनऊ। आंशिक लॉकडाउन के बावजूद पुलिस की आंखों में धूल झोंककर चलाए जा रहे हुक्का बार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने सुलग रहे हुक्के में कश मारकर धुंआ उडा रहे लोगों के अलावा हुक्का पिलाने वाले 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की छापामार कार्रवाई में हुक्का बार का संचालक भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुक्का बार को सील कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत कार्यवाही सुनिश्चित की गई है।

राजधानी लखनऊ के आशियाना के बंगला बाजार में आंशिक लॉकडाउन के बावजूद चोरी-छिपे चलाए जा रहे हुक्का बार पर छापामार कार्यवाही करते हुए पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आशियाना इंस्पेक्टर परमहंस गुप्ता ने बताया कि बंगला बाजार स्थित मुथूट फाइनेंस बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर अवैध तरीके से आंशिक लॉकडाउन के बावजूद रात में हुक्का बार खोला जा रहा था। जहां पर कई युवा पहुंचकर हुक्के में कश लगा रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, वैभव सिंह और तेज बहादुर सिंह की टीम ने लॉकडाउन में खोले जा रहे हुक्का बार पर छापा मार कार्यवाही की। पुलिस को देखते ही बार में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में हुक्का बार में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने पहले से ही हुक्का बार की घेराबंदी कर रखी थी और पुलिस ने सेक्टर एच आशियाना निवासी शारिक के अलावा राजवीर सेंगर, बांगला बाजार निवासी सुल्तान, एलडीए कॉलोनी निवासी तुषार, शाइन सिटी कृष्णा नगर निवासी अमित सिंह, आशियाना सेक्टर आई निवासी नदीम सिद्दीकी और सराय फाटक अमीनाबाद निवासी मानिक को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि बीती 13 मई को राजभवन के पास चलाए जा रहे हुक्का बार पर छापा मार कार्यवाही करते हुए हजरतगंज पुलिस ने 16 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस की छापामार कार्यवाही के दौरान बार संचालक मौके से चकमा देकर भाग जाने में कामयाब रहा। पुलिस ने हुक्का बार को सील करते हुए आरोपियों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

epmty
epmty
Top