छोटे कद का युवक पहुंचा महिला थाने- बोला, चलो मैम मेरी शादी करा दो

शामली। कभी-कभी ऐसे कारनामे होते हैं, जो लम्बे समय तक के लिए एक याद बन जाते हैं। ऐसा ही एक मामला शामली में देखने को मिला। एक युवक, जिसका कद तीन फुट दो इंच का है, वह महिला थाने पहुंच गया। उसने महिला थाने में मौजूद स्टाफ से मिन्नतें करनी शुरू कर दी कि प्लीज मेरी शादी करा दो। उसने कहा कि पुलिस मेम, एक मौहल्ले में एक युवती रहती है, जिसका कद मुझसे थोड़ा सा ज्यादा है। प्लीज मेम, उससे मेरी शादी करा दो। पुलिस कर्मियों ने उसे आश्वासन दिया कि उसकी शीघ्र ही शादी कराई जायेगी।
जानकारी के अनुसार कैराना के मौहल्ला जुड़वा कुआं निवासी मौहम्मद अजीम अंसारी की लम्बाई महज तीन फुट दो इंच है। इसकी वजह से उसकी शादी अभी तक नहीं हो पायी है। उसके छह भाई-बहन है। 26 वर्ष का होने के बावजूद भी उसकी अभी तक शादी नहीं हो पाई, इसलिए वह परेशान है। अपनी शादी कराने की बात को लेकर वह जिले के आला अधिकारियों से भी मुलाकात कर चुका है। आज अजीम अंसारी शामली के महिला थाने पर पहुंच गया। उसने थाने पर तैनात पुलिस स्टाॅफ से शादी कराने के लिए गुहार लगाई। साथ ही उसने यह भी कहा कि पुलिस उसके परिजनों पर दबाव बनाये, जिससे कि उसकी शादी हो सके। उसने बताया कि पूर्व में वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिल चुका है। उसने मुख्यमंत्री से भी शादी कराने की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उससे कहा था कि उनकी खुद की ही शादी नहीं हुई है। उसने पुलिस को एक मौहल्ले के बारे में जानकारी दी और बताया कि उक्त मौहल्ले में एक लड़की रहती है, जिसकी हाईट उससे कुछ ज्यादा है। प्लीज मेम, उसी लड़की से मेरी शादी करा दीजिये। पुलिस कर्मियों ने उसे मदद का आश्वासन दिया। उसने कहा कि यदि रमजान से पूर्व उसकी शादी हो गई, तो वह हिल स्टेशन की सैर करेगा।