पिस्टल छीन कर भागा गैंगरेप आरोपी-पुलिस की गोली से लंगड़ा

मेरठ। पेशी के लिये पुलिस द्वारा न्यायालय में ले जाया जा रहा छात्रा से गैंगरेप और हत्या का मुख्य आरोपी हेड कांस्टेबल की पिस्टल छीनने के बाद अपने साथी समेत जीप से कूदकर भाग निकला। पुलिस ने खेत में घुसे दोनों आरोपियों को चारों तरफ से घेर लिया। जवाबी कार्यवाही में मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसके साथी को पुलिस ने दबोच लिया। घायल हुए गैंगरेप आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल सरधना थाना क्षेत्र के गांव कपसाड में दो दिन पूर्व ट्यूशन से वापस लौट रही छात्रा के साथ दुराचार और उसकी हत्या के आरोपी मुख्य आरोपी लाखन और उसके साथी विकास को पुलिस ने भाग दौड़ करते हुए दबोच लिया था। शनिवार को पुलिस दोनों को लेकर न्यायालय के सम्मुख पेश करने के लिए जा रही थी। जैसे ही पुलिस मेरठ रोड पर बर्फ खाने के पास पहुंची तो गैंगरेप के मुख्य आरोपी लाखन ने जीप में बैठे हुए हेड कांस्टेबल सितम सिंह की पिस्टल छीन ली और विकास के साथ फायरिंग करते हुए जीप से कूदकर एक समीप के एक खेत में घुस गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ आरपी शाही तत्काल ही अतिरिक्त पुलिस फोर्स को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खेत को चारों तरफ से घेर कर कांबिंग करते हुए पिस्टल छीन कर भागे दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। खुद को पुलिस से धिरा हुआ देखकर दोनों आरोपियों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से लाखन घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने खेत में छिपे हुए विकास को भी दबोच लिया। आरोपियों के पास से पुलिस द्वारा हेड कांस्टेबल सितम सिंह से छीनी हुई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। सीओ आरपी शाही ने बताया कि घायल हुए लाखन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार हुए लाखन के अन्य साथियों की तलाश में पुलिस टीम ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।