DG जेल ने लिखा पत्र- त्यौहार पर सतर्कता बरते जेल प्रशासन

DG जेल ने लिखा पत्र- त्यौहार पर सतर्कता बरते जेल प्रशासन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कारागार आनंद कुमार ने एक परिपत्र के माध्यम से माह नवंबर 2020 में पड़ने वाले भाई दूज सहित अनेक त्योहारों को वर्तमान में कोविड संक्रमण की दशा और शीतकाल में इसके प्रसार की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए इन त्योहारों को कोविड-19 प्रोटोकाल के अनुसार प्रदेश की जेलों में मनाए जाने के आदेश जारी किए हैं।

भाई दूज का पर्व कारागारों में दिनांक 16 नवंबर 2020 को मनाया जाएगा।

कारागार गेट पर भाई दूज हेतु पहुंचने वाले परिजनों, माताओं व बहनों को पूरी सुविधा उपलब्ध रहेगी। कारागार में निरुद्ध बन्दियों को संक्रमण से बचाए रखने के उद्देश्य से परिपत्र में वर्णित निर्देश निम्नवत हैं-

1. मुलाकात व्यवस्था पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी।

2. कारागारों के मुख्य द्वार पर एक काउंटर (हेल्पडेस्क) स्थापित किया जाए एवं कोविड हेल्पडेस्क संबंधी शासनादेश के अनुसार काउंटर पर कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाए जहां पर लिक्विड सैनिटाइजर, मास्क, फेस कवर, ग्लब्ज, हैंड सैनिटाइजर, साबुन तथा आवश्यक स्टेशनरी लिफाफे आदि की व्यवस्था कारागार द्वारा सुनिश्चित की जाए।

3. काउंटर पर आगंतुकों एवं परिजनों के सामान की जांच की जाए।

4. भैया दूज पर्व हेतु स्वीकृत सामग्री प्राप्त करके एक लिफाफे में रखके बंदी का नाम एवं सामग्री देने वाले परिजन का नाम व पता आदि अंकित किया जाए तथा पावती भी परिजनों को प्रदान की जाए।

5. बन्दियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिजनों से खाद्य सामग्री मिठाई इत्यादि को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा किन्तु ब्रांडेड मिठाई, पराग के लड्डू, सोनपापड़ी आदि जैसी डिब्बा बंद व जल्दी खराब न होने वाली मिठाइयां जेलों की बन्दी कल्याणकारी कैंटीन में बन्दियों के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी।

6. प्राप्त सामग्री को पूर्णतया सैनिटाइज करने के बाद ही बंदी को उपलब्ध कराया जाए।

7. उक्त सामग्री दिनांक 14 नवंबर 2020 की सायंकाल 4 बजे तक प्राप्त की जाएंगी तथा सैनिटाइज करने के पश्चात दिनांक 16 नवंबर 2020 को भैया दूज के दिन बंदियों को वितरित किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

8. भाई दूज के दिन बंदियों को विशेष भोजन प्रदान करने की व्यवस्था की जाए।

epmty
epmty
Top