IPS अधिकारी के निधन पर CM ने जताया शोक

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी सैयद मोहम्मद अफजल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा कि विनम्र, ईमानदार और अनेक पुरस्कारों से सम्मानित सैयद मोहम्मद अफजल के निधन से वे दुखी हैं। उन्होंने सदैव कर्तव्य को सर्वोपरि समझा और बड़े से बड़े काम को अत्यंत सहजता से अंजाम दिया। उनका जाना प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी सैयद मोहम्मद अफजल के निधन पर दुख व्यक्त किया है। पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी सैयद मोहम्मद अफजल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) स्तर के अधिकारी सैयद मोहम्मद अफजल का कल अलीगढ़ में निधन हो गया। मध्यप्रदेश कैडर के 1990 बैच के अधिकारी सैयद मोहम्मद अफजल कुछ समय से अस्वस्थ थे और उनका अलीगढ़ में इलाज चल रहा था। वे मध्यप्रदेश में अनेक महत्वपूर्ण पदों का दायित्व संभाल चुके हैं।
वार्ता