दहेज में मांगा लड़की पक्ष का धर्म परिवर्तन-नहीं बने इसाई तो रिश्ता तोड़ा

दहेज में मांगा लड़की पक्ष का धर्म परिवर्तन-नहीं बने इसाई तो रिश्ता तोड़ा

फतेहपुर। शादी से पहले लड़के पक्ष की ओर से दहेज के स्थान पर रखी गई धर्म परिवर्तन की बात को लड़की पक्ष ने मानने से इंकार कर दिया गया तो ईसाई धर्म नहीं अपनाने पर लड़के पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर लड़के समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

दरअसल जनपद फतेहपुर के असोथर थाना क्षेत्र के आदमपुर सैबसी गांव में रहने वाले रामनरेश ने अपनी बेटी का रिश्ता हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रहीमापुर गांव में रहने वाले भैया दिन के बेटे जितेंद्र पासवान के साथ तय किया था।

आगामी 29 जनवरी को उसकी बेटी की बारात आनी थी, लेकिन लड़के पक्ष की ओर से 20 जनवरी को शर्त रखी गई कि वह शादी में दहेज की बजाए लड़की पक्ष के लोगों का धर्म परिवर्तन चाहते हैं। जब पूरा परिवार ईसाई धर्म अपनाकर ईसाई बन जाएगा तो हम लड़की के साथ शादी कर लेंगे।

पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ईसाई धर्म नहीं अपनाने पर लड़के पक्ष की ओर से शादी करने से मना कर दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया है कि इस संबंध में लड़के जितेंद्र पासवान, पिता भैया दिन समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।

epmty
epmty
Top