बस दुर्घटना - छह की मौत, तीन लापता, 16 घायल

बस दुर्घटना - छह की मौत, तीन लापता, 16 घायल

शिलांग। मेघालय में एक बस के नदी में गिरने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी और 16 अन्य घायल हो गए जबकि तीन अन्य लापता हैं। यह बस वेस्ट गारो हिल्स जिला मुख्यालय के तुरा से राजधानी शिलांग की ओर जा रही थी।

बस के मलबे से गुरुवार को दो और शव के बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या छह पहुंची। तीन अन्य लोगों के रिंगड़ी नदी के बहाव में बह जाने की आशंका है जिनकी तलाश की जा रही है। मृतकों में दो महिलायें एवं बस का चालक भी है।

पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। ईस्ट गारो हिल्स जिला के पुलिस प्रमुख ब्रुनो संगमा ने बताया कि बस चालक के नियंत्रण खो देने की वजह से यह दुर्घटना घटी। उन्होंने बताया कि बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चला गया है।

उन्होंने कहा कि यह दुघर्टना बुधवार देर रात हुई, जब बस पुल से फिसलकर ईस्ट गारो हिल्स और वेस्ट खासी हिल्स जिले की सीमा से सटे नोगंश्रम की रिंगड़ी नदी में जा गिरी।

संगमा ने कहा, "हमें अभी यह पता नहीं चला है कि बस के अंदर कितने यात्री मौजूद हैं। फंसे हुए लोगों को बचाने के प्रयास जारी है।"

उन्होंने कहा कि घायल यात्रियों को रोंग्जेंग पीएससी और विलियमनगर सिविल अस्पताल में में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की स्थिति गंभीर बतायी जाती है।

इस बीच, मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने नोंगश्रम ब्रिज पर दुर्भाग्यपूर्ण एमटीसी बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, "मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"


वार्ता

epmty
epmty
Top