सीमा विवाद -झड़प में पुलिस के 6 जवान शहीद

सीमा विवाद  -झड़प में पुलिस के 6 जवान शहीद

गुवाहाटी । असम-मिजोरम सीमा विवाद ने सोमवार को उस समय खूनी मोड़ ले लिया, जब मिजोरम की सीमा से लगे असम के कछार जिले के अशांत लैलापुर इलाके में हुई झड़प में पुलिस के छह जवान शहीद हो गये।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ट्वीट कर कहा, "मुझे यह सूचित करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि असम पुलिस के छह बहादुर जवानों ने असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।"

रिपोर्टों के अनुसार, झड़पों में कछार के पुलिस अधीक्षक सहित 20 अधिकारी और नागरिक घायल हुए हैं और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गये।

दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

कछार के उपायुक्त कीर्ति जल्ली और पुलिस अधीक्षक निंबालकर वैभव चंद्रकांत सहित दोनों राज्यों के अधिकारी कछार जिले के संकटग्रस्त लैलापुर इलाके में डेरा डाले हुए हैं, जो मिजोरम के कोलासिब की सीमा से लगा हुआ है। वे स्थिति को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं।

असम के अधिकारियों ने दावा किया कि मिजोरम के लोगों ने बड़ी संख्या में उन पर हमला किया और राज्य के अंदर छह किलोमीटर की दूरी तक घुस आये। हमले में छह पुलिसकर्मी शहीद हो गये और 16 अन्य लोग घायल हो गये।

दूसरी ओर मिजोरम के अधिकारियों ने दावा किया कि असम के लोगों ने एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया जिसमें एक मिजो दंपती यात्रा कर रहा था।

असम के मुख्यमंत्री और मिजोरम के उनके समकक्ष जोरमथंगा ने ट्वीट की एक श्रृंखला में स्थिति के लिए एक-दूसरे के अधिकारियों को दोषी ठहराया और उन्हें सीमा से पीछे हटने का निर्देश देने की मांग की।

वार्ता

epmty
epmty
Top