और पेड़ के गिरते ही उड़ गए महिला के प्राण पखेरू

और पेड़ के गिरते ही उड़ गए महिला के प्राण पखेरू

सहारनपुर। जंगल में चल रहा पेड़ों का कटान एक महिला के प्राण पखेरू ले उड़ा। गन्नों की छिलाई कर रही महिला के ऊपर काटा जा रहा पेड़ धड़ाम से आ गिरा। गंभीर हुई महिला को अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।

जनपद के थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के ग्राम टांडा मिश्री निवासी 35 वर्षीय सुषमा अपने पति प्रमोद कुमार के साथ सोमवार को अपने खेतों पर गन्नों की छिलाई करने के लिए गई थी। जंगल में खेत के समीप ही एक ठेकेदार ने पेड़ों का कटान लगा रखा था। उधर मजदूर कुल्हाडा चलाते हुए पेड़ काटने में लगे हुए थे। इधर सुषमा अपने पति के साथ शुगर मिल में गन्ने भिजवाने के लिए उनकी छिलाई करने के काम में व्यस्त थी। इसी दौरान कुल्हाड़े की मार से अधमरा हुआ पेड़ धडाम से जमीन की ओर गिरा। जिसकी चपेट में इत्मीनान के साथ गन्ने की छिलाई कर रही सुषमा भी आ गई।

अचानक से गिरे पेड़ की मार को सुषमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। बेहोश होकर जमीन पर गिरी सुषमा को तत्काल ही इलाज के लिए छुटमलपुर स्थिति आयुष्मान अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच पड़ताल कर उसे मृत घोषित कर दिया। युवावस्था में महिला की मौत से परिजनों में बुरी तरह से कोहराम मचा हुआ है। उधर पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।

epmty
epmty
Top