पर्यटन का प्रशिक्षण पाने इस जिले से आगरा जाएंगे 40 पुलिसकर्मी

पर्यटन का प्रशिक्षण पाने इस जिले से आगरा जाएंगे 40 पुलिसकर्मी

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पुलिसकर्मियों को पर्यटकों को हर संभव सहायता मुहैया कराने का प्रशिक्षण दिलाने के आगरा भेजा जाएगा। पर्यटन की दृष्टि से कुशीनगर प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है।

कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने मंगलवार को बताया कि इस प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को प्रादेशिक भाषाओं के साथ विदेशी सैलानियों से बात करने के लिए अंग्रेजी और फ्रेंच सहित अन्य भाषाओं की भी जानकारी दी जायेगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिये उन्हीं 40 पुलिसकर्मियों को भेजा जायेगा जो पर्यटन थाने पर तैनाती के लिए चुने गये हैं। इनमें एक निरीक्षक, पांच उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल सहित अन्य शामिल हैं।

जायसवाल ने बताया कि कुशीनगर जिले में बुद्ध महापरिनिर्वाण स्थली है। यहां विभिन्न देशों के पर्यटक महात्मा बुद्ध के दर्शन हेतु पहुंचते हैं। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए 11 सितंबर को शासन ने पर्यटन थाना खोलने की मंजूरी दी है। इसके बाद से ही इस थाने में तैनाती की तैयारी शुरू कर दी गई है। पर्यटकों के साथ कुशल संवाद कौशल एवं सुरक्षा संबंधी चिंताओं के समाधान सीखने में यह प्रशिक्षण कारगर साबित होगा।

पर्यटन थानों में प्रशिक्षित पुलिसकर्मी ही तैनात किये जायेंगे। प्रशिक्षण के लिए उनको आगरा भेजा जायेगा। जायसवाल ने बताया कि पर्यटन थाने पर तैनात होने वाले पुलिसकर्मी व्यवहार कुशल होंगे। अंग्रेजी के साथ साथ उनको अन्य भाषाओं की जानकारी भी दी जाएगी। पुलिसकर्मियों को आगरा भेजकर प्रशिक्षण दिलाने की तैयारी की जा रही है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद टीम को रवाना किया जाएगा।

वार्ता

epmty
epmty
Top