फर्जी दस्तावेज हासिल कर रह रहे 2 रोहिंग्या गिरफ्तार- पासपोर्ट बरामद

फर्जी दस्तावेज हासिल कर रह रहे 2 रोहिंग्या गिरफ्तार- पासपोर्ट बरामद

हापुड। डीजीपी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत हापुड पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए धौलाना थाना क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे दो रोहिंग्या नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से रिफ्यूजी कार्ड समेत फर्जी आधार कार्ड और एक पासपोर्ट बरामद हुआ है।

शनिवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित की गई प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया है कि जनपद हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के खिचरा गांव में अवैध रूप से रह रहे दो रोहिंग्या नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। 8 वर्षों से फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर खिजरा गांव में रह रहे दोनों रोहिंग्याओ के कब्जे से रिफ्यूजी कार्ड के साथ फर्जी आधार कार्ड और एक पासपोर्ट भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार किए गए रोहिंग्याओं ने भारत का फर्जी आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ फर्जी पासपोर्ट भी बनवा लिया था।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया है कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए रोहिंग्या मुसलमान तकरीबन 15 साल पहले म्यांमार से आकर पहले अलीगढ़ में रहे और वहीं पर पासपोर्ट भी बनवा लिया। बीते 8 साल से दोनों रोहिंग्या मुसलमान धौलाना थाना क्षेत्र के खिचरा गांव में रह रहे थे और दोनों ने शातिरता दिखाते हुए अपने आधार कार्ड और पासपोर्ट में भी यही का पता बदलवा लिया था।

एसपी दीपक भूकर के मुताबिक पकड़े गए रोहिंग्याओं से की गई पूछताछ में पता चला है कि 80 हजार रुपये में दिल्ली के एक शख्स से दोनों ने पासपोर्ट तैयार कराया था। इसके अलावा गिरफ्तार रोहिंग्या के माध्यम से उनके अन्य साथियों के भी अवैध रूप से देश में रहने के सबूत मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए दोनों रोहिंग्या नागरिकों के नाम फैयाज और दिल मोहम्मद बताए गए हैं।

epmty
epmty
Top