सपाईयों ने की प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग

मेरठ। डीजल पेट्रोल के बढ़े दामों के खिलाफ समाजवादी युवजन सभा, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, लोहिया वाहिनी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर किये गये लाठीचार्ज की सपाईयों द्वारा कड़ी निंदा की गई। उन्नाव कांड की निंदा करते हुए राज्यपाल से प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई।
समाजवादी पार्टी पार्षद दल के पूर्व नेता अफजाल सैफी, पूर्व पार्षद व कार्यकारिणी सदस्य सोहनलाल एडवोकेट, पूर्व पार्षद व कार्यकारिणी सदस्य हाजी सरताज कुरैशी, पूर्व पार्षद वसीम गाजी, महानगर समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रवक्ता वसीम, राहुल, सपा पेशावर प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष संजय यादव ने लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नौजवानों पर लाठीचार्ज कराना, उन्हें अरेस्ट कराना सरकार की विफलता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि बेरहम सरकार आम जनता का उत्पीड़न करने पर तुली हुई है। नागरिकों के मुंह से रोटी का निवाला छीनने की नापाक कोशिश हो रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं रह गई है। उन्नाव में तीन बहनों को दुपट्टों से बांधकर दुष्कर्म किया गया और और दो बहनों की हत्या कर दी गई, यह सरकार की बड़ी विफलता को प्रदर्शित करता है। कानून का राज समाप्त हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को बचाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि डीजल-पेट्रोल के दाम वापिस लिये जाएं। उन्नाव कांड की सीबीआई जांच की जाये। घायल युवती का एम्स में उपचार कराया जाये। मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख का मुआवजा दिया जाये। उन्नाव कांड के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाये। उन्होंने प्रदेश सरकार को भी बर्खास्त करने की मांग की।