हरिद्वार में पौधारोपण किया, अनेक स्थानों का भी किया अवलोकन

हरिद्वार में पौधारोपण किया, अनेक स्थानों का भी किया अवलोकन

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरिद्वार यात्रा के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ वहां पर पौधारोपण किया। इसके अलावा उन्होंने अनेक धार्मिक और पौराणिक महत्व के स्थलों का अवलोकन किया।

आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि चौहान ने हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर चौहान की पत्नी साधना सिंह चौहान भी मौजूद थीं।चौहान नैसर्गिक वातावरण में स्थित बाल्टिक शिक्षा एवं संस्कृति केंद्र का अवलोकन किया।

सूत्रों ने कहा कि चौहान ने वहां के मुख्यमंत्री धामी से विश्वविद्यालय परिसर में भेंट की और धामी ने चौहान को रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया। वहीं चौहान ने धामी को आदिशंकराचार्य का चित्र और सांची स्तूप की प्रतिकृति भेंट की।

सूत्रों के अनुसार चौहान के विश्वविद्यालय भ्रमण के दौरान कुलपति डॉ चिन्मय पंड्या ने केंद्र में रखी ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व की वस्तुओं के बारे में जानकारी दी। केंद्र में ग्रंथों, वेद, पुराणों के अनुवाद इत्यादि और संस्कृति सहेजने से संबंधित कार्य किए जा रहे हैंचौहान ने इस अवसर पर कहा कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय और गायत्री परिवार ने यहां अद्भुत प्रयास किए हैं। यहां के अवलोकन से इस बात की और पुष्टि होती है कि भारतीय संस्कृति का प्रसार पूरी दुनिया में था।

चौहान ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार में स्थित खादी ग्रामोद्योग स्वाबलंबन केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने परिसर स्थित भगवती गौशाला का निरीक्षण कर गायों के प्रति दुलार दिखाया और उन्हें गुड़ का सेवन भी कराया।

इसके बाद चौहान ने शांतिकुंज स्वर्ण जयंती वर्ष व्याख्यानमाला में शामिल होकर अपना व्याख्यान दिया।

इसके पूर्व चौहान कल रात हरिद्वार पहुंचे, जहां देव संस्कृति विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। उन्होंने रात्रि विश्राम वहीं पर किया।







epmty
epmty
Top