गैस उपभोक्ताओं को लगाया जोर का झटका

गैस उपभोक्ताओं को लगाया जोर का झटका

नई दिल्ली। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के आए दिन बढ़ते दामों से परेशान लोगों को अगले दिनों में भी राहत मिलती नहीं दिख रही है। सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर से बढ़ोतरी किए जाने का ऐलान किया है। इस ऐलान का सबसे ज्यादा असर पहले से ही खफा महिलाओं पर ज्यादा पड़ता दिखाई दे रहा है। सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में पिछले दिनों की गई 50 रूपये की बढ़ोतरी के बाद एक बार फिर से दामों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

तेल कंपनियों द्वारा की गई घोषणा के बाद बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 769.00 रूपये से बढ़कर अब 794.00 रूपये हो गई है। गैस सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोतरी बृहस्पतिवार यानि आज से ही लागू हो गई है। फरवरी माह में सरकारी तेल कंपनियों की ओर से गैस सिलेंडर की कीमतों में आज तीसरी बार बढ़ोतरी की गई है। बृहस्पतिवार को बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर के दामों में 25 रूपये तक का इजाफा किया गया है।

अगर पिछले तीन महीनों की तरफ निगाहें डाले तो इन 3 माह में गैस सिलेंडर के दाम 200 रूपये तक महंगे हुए हैं। बीती 1 दिसंबर को ही गैस सिलेंडर 594.00 रूपये से बढ़ाकर 644.00 रूपये किया गया था। इसके बाद 1 जनवरी को फिर से 50.00 रूपये गैस सिलेंडर के दामों पर बढ़ाए गए। जिसके चलते गैस सिलेंडर के दाम 694.00 रूपये तक पहुंच गए। 4 फरवरी को की गई बढ़ोतरी के बाद गैस सिलेंडर की कीमत 719.00 रूपये हो गई थी। इसी 15 फरवरी को ही की गई 50.00 रूपये की बढ़ोतरी के बाद गैस सिलेंडर के दाम 769.00 रूपये तक पहुंच गए थे। आज बृहस्पतिवार को फिर से की गई 25 रूपये की बढ़ोतरी से सिलेंडर का दाम 794.00 रूपये पहुंच गया है।

epmty
epmty
Top