जुग-जुग जियो भारत मां के 'लाल', तुम्हारी उम्र हो 100 साल

जुग-जुग जियो भारत मां के लाल, तुम्हारी उम्र हो 100 साल

नई दिल्ली। भारत माता के वीर सपूत देश की सीमाओं की निगहबानी करते हैं, तभी देश के नागरिक अपने घरों में चैन की नींद सो पाते हैं। हड्डियों को गलाती ठंड होे या फिर त्वचा को झुलसाने वाली गर्मी, वीर सैनिक अपने कर्तव्य पथ पर अड़िग रहते हैं। उन वीर सपूतों के साथ भारत की प्रत्येक मां की दुआ जुड़ी हुई है। मां की दुआ की ताकत कितनी होती है, इसको बयां नहीं किया जा सकता है। ऐसा ही एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक वृद्ध महिला जो कि स्वयं भी मां का ही स्वरूप है, भारत माता के लाल को आशीर्वाद दे रही है।

वही देश सुरक्षित रहता है और तरक्की करता है, जिसके प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना कूट-कूट कर भरी होती है, देश की सेना के प्रति सम्मान और कृतज्ञता होती है। देश के सैनिक ही वह अहम कड़ी हैं, जिनकी बदौलत प्रत्येक नागरिक स्वतंत्र हवा में सांस लेता है। वे सैनिक ही हैं, जिनकी बदौलत दुश्मन देश अपनी बुरी नजर देश पर डालने से पहले 100 बार सोचता है। सैनिक देश की वह नींव हैं, जिस पर पूरे देश की सुरक्षा का जिम्मा है। उनकी जिम्मेदारी बहुत ही महत्वपूर्ण होती है।


जब हम अपने-अपने घरों में अपने माता, पिता, पत्नी, बहन, बच्चों के साथ त्यौहारों का लुत्फ उठा रहे होते हैं, तो भारत माता के सच्चे सपूत देश की सरहदों पर दुश्मन पर नजर रखते हैं कि कहीं वह अपनी बुरी नजर डालकर देश की सीमाओं को लांघने का प्रयास तो नहीं कर रहा है। घरों में बर्थडे पार्टी हो या फिर शादी की सालगिरह या फिर कोई भी शुभ उत्सव, सभी नागरिक उसे हंसी खुशी के माहौल में इसलिए सेलीब्रेट कर पाते हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि देश की सीमा पर खड़े सैनिक अपनी ड्यूटी को बखूबी अंजाम दे रहे हैं और उन्हें किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।

सैनिक अपने परिवारों के साथ उत्सव नहीं मना पाते। यहां तक कि सबसे बड़े त्यौहार होली, दीपावली और ईद पर भी उन्हें ड्यूटी के चलते अपने घर जाने की इजाजत नहीं होती है। ड्यूटी के प्रति कर्तव्यनिष्ठता और भारत माता के प्रति राष्ट्रभक्ति सैनिकों के हौंसलों को इतना बुलंद रखती है कि वे अपने परिवार वालों से सैकड़ों मील दूर रहकर देश की सुरक्षा करने में लगातार मशगूल रहते हैं। ऐसे सैनिकों के प्रति जितना सम्मान प्रकट किया जाये, वह कम है। भारत का प्रत्येक सैनिक भारत माता का बहुमूल्य हीरा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा फोटो भी यही दर्शा रहा है कि प्रत्येक मां की दुआ सैनिकों के साथ है। साथ ही फोटो में खड़ा बालक भी उनकी ओर देखकर मुस्कुरा रहा है और शायद उसके मन में भी यही चल रहा है कि वह किस प्रकार सैनिक बनकर देश की सेवा कर सकता है।

epmty
epmty
Top