कुत्ता पालने के हैं शौकीन तो करें जेब ढीली करने का इंतजाम
गाजियाबाद। नगर निगम की ओर से कुत्ता पालने के शौकीन लोगों की जेब ढीली करने का इंतजाम कर लिया गया है। निगम की ओर से मौजूदा रजिस्ट्रेशन फीस को बढ़ाकर और अधिक कर दिया गया है। कुत्ता पालने के शौकीन लोगों को अब अपनी जेबें ढीली करते हुए लागू की गई नई फीस 1 अप्रैल से देनी होगी।
दरअसल आजकल लोगों में कुत्ता पालने का क्रेज तेजी के साथ बढ़ता जा रहा है। कुत्ता पालने को लोग अपने सिंबल स्टेटस से जोड़कर देखते हुए नई नई नस्ल के कुत्ते महंगी कीमतों पर खरीदकर ला रहे हैं। लोगों में कुत्ते पालने के बढ़ते क्रेज को देखते हुए उनके शौक को नगर निगम ने भी भुनाने की पूरी तैयारी कर ली है। जिसके चलते पालतू डॉग (कुत्तों) का पंजीकरण नहीं कराने वाले लोगों पर नगर निगम सख्ती बरतने जा रहा है। इसको लेकर नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी को निर्देश जारी किए हैं। इसके चलते अप्रैल माह से नगर निगम पंजीकरण शुल्क एक हजार से बढ़ाकर 1500 रुपये करने जा रहा है। नगर निगम अधिनियम के अनुसार पालतू कुत्ता रखने के रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है ।
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम सीमा अंतर्गत पालतू डॉग का डाटा तैयार कराया जा रहा है। जिससे कि गाजियाबाद नगर निगम पालतू डॉग रिपोर्ट के अनुसार आगामी योजनाएं बनाने में सुविधा रहेगी।
उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि जिन कुत्ता पालने वाले घरों के द्वारा 31 मार्च तक रजिस्ट्रेशन करा लिया जाएगा, उनके लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क केवल 1000 प्रत्येक कुत्ता रहेगा। वहीं 31 मार्च के बाद प्रत्येक कुत्ता 1500 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क रहेगा। जिनके द्वारा एक मई तक अपने पालतू डॉग का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया जाएगा, प्रतिदिन 50 के हिसाब से शुल्क बढ़ता रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि अपने डॉग का रजिस्ट्रेशन गाजियाबाद नगर निगम में अवश्य कराएं, जो व्यक्ति अपने डॉग का रजिस्ट्रेशन नहीं कराएगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा अपने डॉग का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी शहरवासियों की सुविधा को देखते हुए कराई गई है। गूगल प्ले स्टोर सर्च बार में जाकर ळीं्रपंइंक छंहंत छपहंउ चमज त्महपेजतंजपवद पर क्लिक कर उक्त एप को डाउनलोड कर पंजीकरण करा सकते हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए किसी भी जानकारी के लिए 7827459535, 8178016949 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।