सरकार महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध

सरकार महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध

सहारनपुर। जिला प्रोबेशन अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं का उत्पीड़न करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। महिलाएं एवं बालिकाएं अपनी समस्याएं निसंकोच होकर अधिकारियों को बताएं। सरकार ने महिला और बालिकाओं की सुविधा के लिए विभिन्न टोल फ्री नम्बर मुहैया कराये है। जिनका प्रयोग कर आप अपनी सहायता हेतु किसी भी समय काॅल कर सहायता प्राप्त कर सकती है। सरकार ने महिलाओं का उत्पीड़न रोकने के लिए हर विभाग में महिला हैल्प लाइन का गठन भी किया है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह आज यहां मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत कर्मचन्द चण्ड़ी प्रसाद आर्य कन्या इण्टर काॅलेज, गिल काॅलोनी में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को यदि किसी भी प्रकार की कोई भी समस्या हो तो वे बेझिझक सम्बंधित अधिकारी को बतायें। उन्होनें कहा कि झिझक प्रत्येक व्यक्ति के अन्दर होती है परन्तु धीरे-धीरे हिम्मत करके उसे हटाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आपके अन्दर झिझक रहेगी तो आप अपनी समस्याओं को बताने में संकोच करेंगी।

उपायुक्त स्वतः रोजगार अरूण कुमार उपाध्याय ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छी किताबें और ज्ञान ही सबसे अच्छा दोस्त होता है। उन्होंने कहा कि तलवार से ज्यादा ताकत कलम में होती है। पढाई से कभी भी समझौता नही करना चाहिए। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि अपने आपको पहचानों, आपके अंदर धैर्य शक्ति, संकल्प शक्ति और त्याग करने की भावना है, जो किसी अन्य के पास नही होती। उन्होंने कहा कि कामयाब व्यक्तियों की जीवनी को पढो और कभी किसी के बारे में बुरा मत सोचो।

जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी ने कविता के माध्यम से कहा कि युवा पीढ़ी को स्वामी विवेकानन्द के पदचिन्हों पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि अपनी आवाज को बुलन्द करें, तो ही न्याय मिलेगा। इसलिए अपनी हिम्मत व ताकत को पहचाने और अपने साथ अन्याय न होने दें। अपनी साधना और शक्ति के साथ आगे बढें। उन्होंने पुलिस विभाग की तत्परता व सतर्कता की प्रसंशा की।

महिला थाना प्रभारी सरिता सिंह ने बालिकाओं को 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पाॅवर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा, 102 स्वास्थ्य सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन आदि हेल्पलाइन नम्बरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी समय किसी भी व्यक्ति से डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। यदि आपको कहीं पर असहज महसूस हो रहा है तो आप हेल्पलाइन नम्बरों पर काॅल कर सहायता प्राप्त कर सकती है। उन्होने विद्यालय की प्रधानाचार्या को बालिकाओं हेतु विद्यालय में शिकायत व सुझाव पेटिका लगवाने के लिए कहा।

डाॅ0 नैना मिग्लानी ने बालिकाओं को कहा कि मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। हमें जंकफूड का सेवन न करके हरी सब्जियों और दालों का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन का कम इस्तेमाल करके भरपूर नींद लेनी चाहिए। महाराज सिंह काॅलेज की प्रवक्ता डाॅ0 दीपा चौहान ने कहा कि हमारे अन्दर अपार शक्ति है बस उसे पहचानना है। अपने अन्दर की झिझक को खत्म करके यह ठान लेना है कि मैं यह कर सकती हूँ।

इस मौके पर विद्यालय प्रबन्धक प्रेम कुमार शर्मा, विद्यालय की प्रधानाचार्या अन्जू त्यागी, हिन्दुस्तान समाचार पत्र के मुख्य उप संपादक सी0पी0सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी सुषमा बजाज, तथा अध्यापिकाओं और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बालिकाओं को संबोधित कर मिशन शक्ति अभियान के बारे में जानकारी दी तथा उन्होंने आगे बढ़ने की प्रेरणा के साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

epmty
epmty
Top