महिला दिवस पर दिया तोहफा, स्मारकों में मुफ्त प्रवेश

महिला दिवस पर दिया तोहफा, स्मारकों में मुफ्त प्रवेश

नई दिल्ली। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को तोहफा दिया है। आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत सभी स्मारकों में महिलाएं निशुल्क प्रवेश दिया जायेगा।। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने इसके लिए आदेश भी जारी कर दिए हैं।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संयुक्त महानिदेशक (स्मारक) एम नांबिराजन ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के निशुल्क प्रवेश का आदेश जारी कर दिया हैं। गौरतलब हैं कि संस्कृति मंत्रालय ने बीते साल महिलाओं को निशुल्क प्रवेश देने की सुविधा शुरू की थी, जिसे इस साल भी यथावत जारी रखा गया है।

अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय से इसके लिए विभाग के पास आदेश आ चुके हैं। महिला दिवस पर भारतीय हों या विदेशी, सभी महिलाओं को सभी स्मारकों में निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। स्मारकों में प्रवेश के लिए महिलाओं को पहले से टिकट बुक करने की जरूरत नहीं है। इतना ही नहीं 10 से 12 मार्च तक ताजमहल में आयोजित किए जाने वाले मुगल शहंशाह शाहजहां के 366 वें उर्स पर पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। 10 और 11 मार्च को दोपहर दो बजे के बाद और 12 मार्च को सुबह से शाम तक पर्यटक निशुल्क प्रवेश कर पाएंगे।

यही नहीं, तहखाना में स्थित शाहजहां और मुमताज की असली कब्रों को भी पर्यटक इस दौरान देख सकेंगे। इसके बाद 18 अप्रैल को विश्व धरोहर दिवस पर भी पर्यटक ताजमहल समेत सभी स्मारकों में निशुल्क प्रवेश कर पाएंगे। इसके लिए भी एएसआई ने आदेश जारी कर दिया हैं।

epmty
epmty
Top