देश में बनेगी पहली चेस एकेडमी

देश में बनेगी पहली चेस एकेडमी

नई दिल्ली। आल इंडिया चेस फेडरेशन के नव निर्वाचित अध्यक्ष डाॅ संजय कपूर ने भुवनेश्वर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की पहली चेस (शतरंज) एकेडमी ओडिशा के भुवनेश्वर में खोलने की योजना पर निर्णय लिया गया है।

डाॅ कपूर ने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार से उचित सहयोग के लिए बातचीत की जाएगी। चेस एकेडमी योजना पर क्रियान्वयन के हर संभव प्रयास शुरू हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि ओडिशा की कीट एंड किस शिक्षण संस्था में देश का पहला संस्थान होगा जो चेस इन स्कूल को इसी सत्र में अपने करीकुलम मे शामिल करेगा।

डॉ कपूर ओडिशा की कीट एंड किस यूनिवर्सिटी के संस्थापक लोकसभा सदस्य डॉक्टर अच्युत सामंत के साथ भुवनेश्वर के सैंडी टॉवर में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। उनके साथ फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि चेस को बढ़ावा देने के लिए डॉक्टर अच्युत सामंत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी यूनिवर्सिटी से ग्रैंड मास्टर भी निकले हैं जो चेस का अंतर्राष्ट्रीय खिताब होता है।

फेडरेशन अध्यक्ष डॉ.कपूर ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि कीट (कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग) एंड किस (कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज) ऐसी शैक्षिक संस्थाएं हैं जहां पांच वर्ष से लेकर 25 वर्ष तक हजारों स्टूडेंट पढ़ते हैं जिनका लगाव चेस में है। अब तक करीब 1600 ऐसे चेस प्लेयर निकले हैं जिन्होंने राज्य, देश और दुनिया में अपना नाम रोशन किया है। यही नहीं इससे भी बड़ी बात यह है कि डॉक्टर सामंत ने उन्हें बताया कि पहला चेस इन स्कूल उनके संस्थान में इसी शैक्षिक सत्र से लागू किया जा रहा है।

उन्होंने साथ ही कहा कि भारत सरकार को वह धन्यवाद देते हैं कि नयी शिक्षा नीति में चेस इन स्कूल को करीकुलम में शामिल किया गया है। फेडरेशन इसके लिए ट्रेनिंग, टीचिंग और लर्निंग की कार्यशालाएं आयोजित कराने को प्रोत्साहित करेगा और शिक्षण संस्थाएं यदि प्रशिक्षक या अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए सहयोग चाहेंगी तो उन्हें फेडरेशन हर संभव मदद करेगा। उन्होंने कहा कि बौद्धिक विकास के इस खेल के परिणाम सामने होंगे जब स्टूडेंट देश का नाम और भी रोशन करते दिखेंगे।

पत्रकार वार्ता में सांसद एवं कीट एंड किस के संस्थापक डा.अच्युत सामंत के साथ ही फेडरेशन के सचिव भरत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष भावेश पटेल, कोषाध्यक्ष नरेश शर्मा, ओडिशा चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजन महंति, सचिव देवब्रत भट्टा भी मौजूद थे। इससे पूर्व डॉक्टर संजय कपूर और फेडरेशन के पदाधिकारियों का एयरपोर्ट पर स्वागत किया गया।

वार्ता




















epmty
epmty
Top