सिलेंडर बहुत महंगा है प्रियंका मैम- लकड़ियों पर बनाती हूं आपके लिए चाय

सिलेंडर बहुत महंगा है प्रियंका मैम- लकड़ियों पर बनाती हूं आपके लिए चाय

नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम दौरे के दौरान वहां की जनता से जुड़ने का पूरा प्रयास किया। उन्होंने कभी चाय जनजाति के लोगों के साथ नृत्य कर, तो कभी चाय की पत्तियों को तोड़कर जनता को यह अहसास दिलाया कि कांग्रेस उनकी अपनी पार्टी है। वहीं उन्होंने लकड़ियों पर बनी चाय को पीकर असम के लोगों के साथ उनके दुःख दर्द को बांटा। जिस तरह से प्रियंका जमीनी स्तर पर लोगों के साथ जुड़ रही हैं, इससे लगता है कि कांग्रेस में फिर से एक नई ताकत व जोश पैदा हो रहा है।


असम के चुनाव के मद्देनजर अभी हाल ही में कांग्रेस की यूपी प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने असम का दौरा किया। उन्होंने अपने दौरे की शुरूआत धार्मिक कार्यक्रम से की। पूरे विश्व में तंत्र के लिए विख्यात मां आदिशक्ति के शक्तिपीठ गुवाहटी स्थित मां कामाख्या के दर्शन प्रियंका गांधी ने किये। उन्होंने मां कामाख्या के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रियंका गांधी ने असम की आदिवासी जनजाति से जुड़ने का प्रयास किया।

उन्होंने चाय के बगानों में जाकर चाय जनजाति से मुलाकात की। उन्होंने उनके दुःख-दर्द को सांझा किया। इस दौरान उन्होंने चाय जनजाति की महिलाओं के साथ चाय की पत्तियां तोड़ीं। इतना ही नहीं, उन्होंने चाय जनजाति की महिलाओं के साथ नृत्य कर उन्हें यह अहसास दिलाया कि वे उनके ही बीच से है।

प्रियंका गांधी ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वे कोई विशिष्ट व्यक्ति नहीं, बल्कि उनकी ही तरह से एक आम इंसान हैं। ऐसा करके उन्होंने आम लोगों के बीच एक विशिष्ट छवि बनाई। इतना ही नहीं, प्रियंका गांधी एक आर्थिक रूप से पिछड़े परिवार में पहुंच गई। प्रियंका ने घर के बाहर खड़े होकर पूछा कि क्या चप्पल यहीं उतार दूं। ऐसा करके उन्होंने परिवार को पूरा सम्मान दिया। इसके बाद वे घर के अंदर गई। अंदर लकड़ियां जल रही थीं, जिस पर चाय के लिए पानी उबल रहा था। उन्होंने महिला से पूछा कि सिलेंडर पर चाय क्यों नहीं बना रही हो। महिला कहती है कि सिलैंडर बहुत महंगा हो गया है, इसलिए खरीद नहीं सकती। इसीलिए लकड़ियों पर आपके लिए चाय बनाएंगी। इस पर बड़ी आत्मीयता के साथ प्रियंका गांधी ने महिला से चाय बनाने के लिए कहा।

इस दौरान उन्होंने परिवार के लोगों के साथ चाय पर चर्चा की। उन्होंने परिजनों से कहा कि आप लोगों की इनकम नहीं बढ़ी है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। ऐसे में घर चलाना बहुत ही मुश्किल है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग आएंगे , आपसे वायदे करेंगे, लेकिन आपको किसी के बहकावे में नहीं आना है। आपको सिर्फ और सिर्फ अपने विवेक से कार्य लेना है। यह वीडियो उन्होंने अपनी यूट्यूब चैनल पर भी शेयर किया है। इस तरह से प्रियंका गांधी आम लोगों से जुड़ने का पूरा प्रयास कर रही हैं। जहां उन्होंने भंडारे में नीचे बैठकर खाया खाया, वहीं आम नागरिकों के घर भोजन किया और चाय का आनंद लिया। प्रियंका का यह अंदाज नागरिकों को काफी भा रहा है।

रिपोर्टः प्रवीण गर्ग

epmty
epmty
Top