महिला उद्यमियों को होगी 9.87 करोड़ की आयः भूसरेड्डी

महिला उद्यमियों को होगी 9.87 करोड़ की आयः भूसरेड्डी

लखनऊ। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत महिला सशक्तिकरण के लिए प्रभावी कदम उठाये जाने के आदेश दिये गये हैं। मंत्री चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास सुरेश राणा द्वारा मुख्यमंत्री के आदेशों के अनुरूप कार्य किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये गये हैं। गन्ना मंत्री के निर्देशों के क्रम में प्रदेश के आयुक्त, गन्ना एवं चीनी संजय आर. भूसरेड्डी द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए 'मिशन शक्ति' अभियान से संबंधित कार्यशालाएं सभी गन्ना बहुल जिलों में आयोजित करने हेतु विस्तृत निर्देश जारी किये गये हैं।

आयुक्त संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से समृद्ध करने के लिए प्रदेश के 36 गन्ना बहुल जिलों में अब तक 820 महिला स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है, जिसमें 9,197 महिला उद्यमी पंजीकृत हैं। इन समूहों से जुड़ी 9011 महिलाओं को सिंगल बड चिप के सीडलिंग तैयार करने हेतु प्रशिक्षित किया जा चुका है।


महिला समूहों द्वारा अब तक 3 करोड़ 71 लाख सीडलिंग की स्थापना करायी जा चुकी है, जिसमें से 3 करोड़ 29 लाख सीडलिंग की बिक्री कर महिला समूहों द्वारा 9.87 करोड़ रुपये की आय होगी। उन्होंने यह भी बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत आयोजित होने वाली इन कार्यशालाओं में ग्रामीण महिलाओं को गन्ने की खेती में रोजगार के अवसर उपलब्ध होने के विषय में जानकारी दी जा रही है। इससे ग्रामीण महिलाओं में उद्यमिता की भावना विकसित हो रही है तथा ग्रामीण अंचल की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रहीं हैं।



epmty
epmty
Top