किसानों का हल्लाबोल-कलेक्ट्रेट में धरने पर किसान ने लगाई आग- आत्मदाह से..

मुजफ्फरनगर। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की अगवाई में कलेक्ट्रेट में किसानों द्वारा दिए जा रहे धरने के दौरान उस समय अचानक से अफरातफरी का आलम बन गया, जब धरने पर पहुंचे एक किसान ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क लिया और आग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने किसी तरह आग लगे कपड़ों को अलग कर किसान की जान बचाई है। पुलिस द्वारा किसान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुधवार को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर जिले भर के किसान कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे थे। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की अगवाई में दिए जा रहे धरना प्रदर्शन के दौरान उस समय बुरी तरह से अफरा तफरी मच गई जब धरना स्थल पर भौंरा कलां थाना क्षेत्र के रहने वाले किसान ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क लिया और आग लगा ली।
किसान द्वारा आत्मदाह किये जाने से कलेक्ट्रेट परिसर में बुरी तरह से अफरा तफरी मच गई। धरने पर मौजूद अन्य किसानों ने किसी तरह आग में जल रहे किसान के मिट्टी के तेल में भीगे कपड़ों को अलग किया और उसकी जान बचाई।इसी बीच मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम आग लगाकर आत्मदाह की कोशिश करने वाले किसान को अपने साथ जिला अस्पताल ले गई। जहां उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।