सिपाही ने ड्यूटी से वापस लौट रही महिला होमगार्ड पर फेंका तेजाब

सिपाही ने ड्यूटी से वापस लौट रही महिला होमगार्ड पर फेंका तेजाब

बदायू। रात की ड्यूटी समाप्त करने के बाद पैदल ही घर लौट रही महिला होमगार्ड के ऊपर कांस्टेबल ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला होमगार्ड को इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसके बाद जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। महिला होमगार्ड की तहरीर पर पुलिस ने कांस्टेबल और एक अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है।

जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जेल तिराहे के पास रात को जेल में ड्यूटी समाप्त करने के बाद पैदल ही घर वापस लौट रही महिला होमगार्ड के ऊपर कांस्टेबल कुमित ने ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। उझानी कोतवाली में तैनात कांस्टेबल के इस ज्वलनशील पदार्थ के हमले से महिला होमगार्ड गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पहले महिला होमगार्ड को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। महिला होमगार्ड ने पुलिस अधिकारियों को बताया है कि तकरीबन 3 साल पहले कांस्टेबल कुमित के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच कांस्टेबल ने उससे बहला फुसलाकर तकरीबन 3 लाख रूपये भी ले लिए थे। वर्ष 2021 के अप्रैल माह में महिला होमगार्ड की शादी कहीं और हो गई। इसके बाद कांस्टेबल उसे तंग करने लगा। इस मामले में जब महिला होमगार्ड ने एडीजी से शिकायत की तो कांस्टेबल उस शिकायत को वापस लेने का दबाव बनाते हुए उसे धमकी देने लगा। इसको लेकर कांस्टेबल ने महिला होमगार्ड पर ज्वलनशील पदार्थ से हमला किया था। इस संबंध में इंस्पेक्टर संजीव शुक्ला का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और सिपाही की लोकेशन भी निकलवाई गई है। जिस बाइक से सिपाही अपने साथी के साथ हमला करने के लिये आया था उस बाइक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि बाइक को अज्ञात व्यक्ति चला रहा था। जिसकी तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

epmty
epmty
Top