काबुल से 211 और अफगानी नागरिकों को निकाला

काबुल से 211 और अफगानी नागरिकों को निकाला

रोम। इटली की वायु सेना का एक विमान रविवार सुबह 211 अफगानी नागरिकों को लेकर काबुल से रोम पहुंचा।

कुल आठ इतालवी विमान इतालवी नागरिकों और अफगानी नागरिकों को निकालने के अभियान में भाग ले रहे हैं जो अफगानिस्तान में इतालवी मिशनों और उनके परिवारों के लिए काम करते हैं। अभियान का नेतृत्व इतालवी रक्षा मंत्रालय कर रहा है।

मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि पिछले पांच दिन में करीब 1,000 अफगानी नागरिकों को इटली लाया गया है। जून से अब तक कुल मिलाकर 1,500 से अधिक लोगों को देश से निकाला जा चुका है।

गुरुवार को जी7 वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान इटली के विदेश मंत्री लुइगी डि माओ ने कहा कि इटली का इरादा लगभग 2,500 अफगानी नागरिकों को अपने देश में लेने का है।

गौरतलब है कि तालिबान ने 15 अगस्त को काबुल में प्रवेश किया, जिसके बाद राष्ट्रपति अशरफ गनी ने पद से इस्तीफा दे दिया और देश छोड़कर चले गये। श्री गनी ने कहा कि उन्होंने हिंसा को रोकने के लिए यह निर्णय लिया क्योंकि आतंकवादी राजधानी काबुल पर हमला करने के लिए तैयार थे। तालिबान के कब्जे के बाद कई लोग आतंकवादियों से प्रतिशोध के डर से देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे हैं।




वार्ता

epmty
epmty
Top