तालिबान हमले में 11 नागरिकों की मौत - 64 घायल

तालिबान हमले में 11 नागरिकों की मौत - 64 घायल

काबुल। अफगानिस्तान के दो प्रांतों में शनिवार को तालिबान के हमले में कम से कम 11 नागरिकों की मौत हो गई और 64 अन्य घायल हो गये।

कुंदुज जन स्वास्थ्य निदेशालय के निदेशक डॉ एहसानुल्लाह फाजली ने बताया कि अफगानिस्तान के कुंदुज प्रांत की राजधानी कुंदुज में आज सुबह तालिबान के साथ संघर्ष के बाद 10 नागरिकों के शव बरामद किये गये और 42 घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तालिबान के आतंकवादियों ने तीन दिशाओं से धावा बोलकर कुंदुज शहर पर कब्जा करने की कोशिश की।

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि कुंदुज में सुरक्षा बलों के साथ संघर्ष में 47 तालिबानी आतंकवादी मारे गए और 39 घायल हुये हैं।

दूसरी तरफ तखर प्रांत की राजधानी तालुकान में शुक्रवार रात संघर्ष के दौरान कई आतंकवादी मारे गये और घायल हुये। इस दौरान सरकारी बल के कई जवानों की भी मौत हो गई और कई अन्य घायल हुये।

टोलो न्यूज टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार सुरक्षा बलों के साथ सप्ताह भर चले भारी संघर्ष के बाद शनिवार को तालिबान ने उत्तरी जवज्जान प्रांत की राजधानी शिबरघान शहर पर कब्जा कर लिया।

इस बीच, मीरवाइज रीजनल हॉस्पिटल के निदेशक दाऊद फरहाद ने बताया कि आज कंधार प्रांत की राजधानी कंधार शहर में गोली लगने से एक डॉक्टर (25) की मौत हो गई।

उन्होंने कहा," शनिवार तड़के से एक महिला और छह बच्चों समेत कम से कम 22 घायलों को मीरवाइस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से आठ लोगों को गोलियां लगी हैं जबकि अन्य बम और मोर्टार के छर्रे लगने से घायल हुये हैं।"

सूत्र के अनुसार छह तालिबान आतंकवादियों के शव बरामद हुये हैं और चार घायल जवानों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तालिबान के 34 प्रांतों में से करीब आधे प्रांतों में तालिबान और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष जारी है। तालिबान अफगानिस्तान के क्षेत्रों पर नियंत्रण करने की काशिश कर रहा है और इस दौरान सरकारी सुरक्षा बलों के साथ उसका मुठभेड़ हाे रहा है।

वार्ता/शिन्हुआ

epmty
epmty
Top