बांग्लादेश के शरणार्थी शिविरों में गोलीबारी

ढाका। दक्षिणी बांग्लादेश में रोहिंग्या शरणार्थी शिविरों में आपराधिक हथियारबंद समूहों के बीच हुए गैंग वार ने हजारों लोगों को भागने पर मजबूर कर दिया है। इसमें कम से कम आठ लोग मारे गए हैं। पुलिस और मानवतावादी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने गोलाबारी, आगजनी और अपहरण की घटनाओं के बाद 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
वर्चस्व की लड़ाई के चलते इन गुटों में ये झड़प देखने को मिली। जहां यह घटना हुई है वो दुनिया का सबसे बड़ा शरणार्थी शिविर है जहां एक लाख से अधिक लोग रहते हैं। कॉक्स बाजार के पास शहर में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रफीकुल इस्लाम ने फोन पर बताया कि वहां तनावपूर्ण स्थिति कायम है। उन्होंने बताया कि दो गुट वर्चस्व के लिए लड़ रहे हैं। माना जा रहा है कि वे मानव तस्करी और ड्रग्स तस्करी में संलिप्त हो सकते हैं। यह इलाका ड्रग्स की तस्करी के लिए जाना जाता है जो म्यांमार से लगा हुआ है। मानवाधिकार समूहों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में 2018 से लेकर अब तक कम से कम 100 से ज्यादा रोहिंग्या लोग मारे जा चुके हैं।