नेपाल कर रहा अच्छे संबंधों की वकालत

नेपाल कर रहा अच्छे संबंधों की वकालत

नई दिल्ली। चीन के इशारे पर चलने वाला नेपाल अब भारत के साथ अच्छे संबंधों की वकालत कर रहा है। अयोध्या में राममंदिर के भूमिपूजन के मौके पर भारत में नेपाल के राजदूत ने दोनों देशों के बीच बेहतर संबंधों की बात कही।

नेपाल के राजदूत एन अचार्य ने कहा, 'भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर की आधारशिला रखी गई। राम-सीता से जुड़े दोनों देशों के रिश्ते मजबूत रहे हैं और आगे भी इसमें मजबूती आएगी। हमारे संबंध बेहतर होंगे'। उन्होंने आगे कहा कि राम-जानकी हमें बेहतर संबंधों के लिए प्रेरित करते रहेंगे और आधुनिक समय में हमारे बीच सहयोग की भावना बढ़ेगी।

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने भूमिपूजन के अवसर पर नेपाल सहित कई देशों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि राम कथाओं का विवरण मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, ईरान जैसे देशों में भी मिलेगा। नेपाल और श्रीलंका से तो राम का आत्मीय संबंध जुड़ा है।

नेपाल के राजदूत का दोनों देशों के रिश्तों को लेकर बयान देना दर्शाता है कि कहीं न कहीं नेपाल को यह समझ आ गया है कि भारत से बैर उसके लिए भारी पड़ सकता है। चीन का हाल उसके सामने है। भारत के साथ सीमा विवाद को हवा देने के बाद से चीन के खिलाफ पूरी दुनिया में माहौल निर्मित हो गया है। हाल ही में नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप ग्यावली ने भी भारत-चीन के बीच अच्छे रिश्तों की वकालत की थी।

epmty
epmty
Top