प्रदेश में अब कानून का राज, बाहुबलियों की नहीं चलती- स्वतंत्रदेव

प्रदेश में अब कानून का राज, बाहुबलियों की नहीं चलती- स्वतंत्रदेव

मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ने शहर के रामपुर तिराहे पर पुरकाजी विधायक के प्रयासों से स्थापित किये गये 151 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का आरोहण करते हुए लोकार्पण किया। इस मौके पर विधायक प्रमोद ऊटवाल ने पुरकाजी को तहसील बनाने की मांग प्रदेशाध्यक्ष के समक्ष उठाई। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि अब प्रदेश में पूरी तरह से कानून का राज स्थापित है। गुंडे और बाहुबली प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। इससे पूर्व प्रदेशाध्यक्ष का जनपद में पहुँचने पर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जोरदार स्वागत किया।


बुधवार को शहर के रामपुर तिराहे पर स्थापित किये गये 151 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का उदघाटन करने के लिए जिला मुख्यालय पर पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह का भाजपा नेता हरेंद्र पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच माल्यार्पण करते हुए भावपूर्ण स्वागत किया। जैसे ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह का काफिला शहर के रामपुर तिराहे पर पहुंचा, कार्यकर्ताओं में उनके स्वागत की होड मच गयी। भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नेता सवेरे से पलक पावडे बिछाकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के आने का इंतजार कर रहे थे। घने कोहरे के बीच ही भाजपा नेता रामपुर तिराहे पर कार्यक्रम की व्यवस्था और पार्टी के प्रदेश मुखिया की अगुवाई के लिए पहुंच गये थे। हरेंद्र पाल भी अपने समर्थकों के साथ रामपुर तिराहे पर मौजूद थे। कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच हरेंद्र पाल ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को मालाएं पहनाकर स्वागत किया। रामपुर तिराहे पर पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पुरकाजी विधायक के सदप्रयांशों से स्थापित किये गये राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का लोकार्पण करते हुए आरोहण किया।


इस मौके पर रामपुर तिराहे का नामकरण करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में अब कानून का राज स्थापित है और उत्तर प्रदेश से गुंडे और बाहुबली प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं। सूबे की योगी सरकार ने प्रदेश में 30 लाख लोगों को आवास देने का काम किया है। मोदी सरकार ने झोपड़पट्टी में रह रहे लोगों तक गैस सिलेंडर पहुंचाएं ताकि धुए से उनकी आंखें और स्वास्थ्य खराब ना हो।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पहली बार आतंकवाद पर रोक लगाई है। जिसके चलते आतंकवादियों के हौसले और मंसूबे पूरी तरह से पस्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार सबका साथ सबका विकास की भावना के साथ सर्व समाज के लोगों के लिए काम कर रही है। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने मंच से अनुरोध किया कि किसान अब दिल्ली छोड़कर अपने घर वापस लौट आएं। क्योंकि मंगलवार को जिस तरह से दिल्ली में हिंसा हुई है उसके चलते अब यह किसान आंदोलन नहीं रह गया है। किसान आंदोलन के नाम पर अब इसमें अराजक तत्व घुस चुके हैं।

उन्होंने कहा की सरकार किसानों के हर जायज मांग को मानने के लिए तैयार हैं। किसान अब दिल्ली छोड़ कर वापस अपने घर लौट आएं। भाजपा के पश्चिम प्रदेशाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने दिल्ली में मंगलवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर हुई घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि इस घटना से समूचा देश दुखी है। तिरंगा लोकार्पण और ध्वजारोहण समारोह के मौके पर हुई जनसभा के दौरान पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊटवाल ने पुरकाजी को तहसील बनाने की मांग उठाते हुए कहा कि खादर क्षेत्र के लोगों को तहसील संबंधित कामों के लिए जिला मुख्यालय पर सदर तहसील में लगभग 60 किलोमीटर का सफर तय करके आना पडता है। आजादी के सात दशक बाद भी पुरकाजी का खादर इलाका विकास के मामले में काफी पिछडा हुआ है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि अब रामपुर तिराहे को तिरंगा तिराहे के नाम से जाना जाएगा।


पुरकाजी तहसील बनने से क्षेत्र के विकास को भी पंख लग सकेंगे। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री डा.संजीव बालियान, प्रदेश के व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मिशन विभाग मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, विधायक उमेश मलिक, विधायक विक्रम सिंह सैनी, विधायक प्रमोद ऊटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला आदि मुख्यरूप से मौजूद रहे।




epmty
epmty
Top