अतिक्रमण हटाने को लागू होगा नया रूट प्लाॅनः सिटी मजिस्ट्रेट

अतिक्रमण हटाने को लागू होगा नया रूट प्लाॅनः सिटी मजिस्ट्रेट

मुजफ्फरनगर। नगर की हृदय स्थली शिव चौक पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नया रूट प्लाॅन लागू किया जायेगा। इसके तहत 50 मीटर के दायरे में कोई भी वाहन, रेहड़ा, ठेला नहीं खड़ा होने दिया जायेगा। ई-रिक्शा का संचालन भी यहां से पूर्णतः बंद किया जायेगा।

जानकारी के अनुसार नगर की हृदय स्थली शिव चौक पर हर वक्त जाम की स्थिति रहती है, जिसके चलते नागरिक परेशान रहते हैं। शिव चौक के चारों ओर रेहड़ा, ठेली वाले खड़े रहते हैं और रही-सही कसर अस्थाई दुकानदार अपनी दुकानें लगाकर पूरी कर देते हैं। इससे भयंकर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। झांसी रानी तिराहे पर भी अस्थाई दुकानदारों के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। शिव चौक से झांसी की रानी तक जाना जाम के कारण मुहाल हो जाता है। अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष योजना बनाई गई है। इसके तहत शिव चौक और झांसी रानी तिराहे को अतिक्रमण से मुक्त किया जायेगा।

सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह ने बताया कि शिव चौक पर 50 मीटर के दायरे में अब रेहड़ी, ठेला या दुकान नहीं लगने दी जायेगी। यहां विशेष जोन बनाया जायेगा। ई-रिक्शा का यहां से आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया जायेगा। झांसी रानी तिराहे को भी अतिक्रमण मुक्त किया जायेगा। इसके लिए नगरपालिका को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि नया रूट प्लाॅन शीघ्र ही लागू किया जायेगा।

epmty
epmty
Top