बाहर से आए किसानों के लिए खोली मस्जिद-किया व्यवस्थाओं का बंदोबस्त

बाहर से आए किसानों के लिए खोली मस्जिद-किया व्यवस्थाओं का बंदोबस्त

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय किसान मोर्चा के तत्वाधान में आयोजित की गई किसान महापंचायत समाप्त होने के बाद इसमें शामिल होने आए किसान अपने घरों को लौट गए हैं। लेकिन दूरदराज के क्षेत्रों के अलावा अन्य राज्यों से आए किसान अभी मुजफ्फरनगर में ही जमे हुए हैं। जिनके लिए तकिया वाली मस्जिद को खोलकर उसमें आराम और खाने पीने के लिए मस्जिद प्रबंधन की ओर से व्यवस्था की गई है।


रविवार को जिला मुख्यालय के महावीर चौक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर संयुक्त राष्ट्रीय किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान महापंचायत का आयोजन किया गया था। अपरान्ह के समय वक्ताओं के संबोधन के बाद आगामी 27 सितंबर को भारत बंद के आहवान के साथ किसान महापंचायत समाप्त हो गई और इसमें शामिल होने के लिए आसपास के जनपदों के अलावा जनपद मुजफ्फरनगर के विभिन्न गांवों से आये किसान ट्रैक्टर ट्रॉली तथा अन्य यातायात माध्यमों से अपने गांव की तरफ लौट गए हैं। लेकिन महापंचायत में अनेक ऐसे किसानों ने भी अपनी भागीदारी की है जो दूरदराज के जनपदों के अलावा बाहरी राज्यों से मुजफ्फरनगर में आए थे। ऐसे किसान अभी भी मुजफ्फरनगर में ही रुके हुए हैं। ऐसे किसानों के लिए मेरठ रोड स्थित तकिया वाली मस्जिद को प्रबंधन ने किसानों के लिए खुलवाते हुए वहां पर उनके लिए खाने पीने और आराम की समुचित व्यवस्था की है। मस्जिद में सुविधा होने की बात सुनकर वहां पहुंचे किसानों ने अपना सामान मस्जिद के भीतर रखा और गर्मी से छुटकारा पाने के लिए नहाने में जुट गए। नहाने के लिए समरसेबल पंप के माध्यम से ठंडे पानी की व्यवस्था को देख किसान फूले नहीं समाए।

epmty
epmty
Top