भारत बंद-हाईवे जाम- सड़कों पर किसानों का कब्जा

भारत बंद-हाईवे जाम- सड़कों पर किसानों का कब्जा

मुजफ्फरनगर। नए कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान संघर्ष मोर्चा द्वारा आहूत भारत बंद की सफलता की जिम्मेदारी संभालकर भाकियू पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए हैं। दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के अलावा मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग तथा मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर पूरी तरह से इस समय भाकियू का कब्जा हो चुका है। जगह-जगह किसान राज्य व राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित करते हुए नए कृषि कानूनों के विरोध में धरना देते हुए बैठे हैं। भारतीय किसान यूनियन की ओर से दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर खतौली क्षेत्र में नावला कोठी, छपार और पुरकाजी में सडक पर ट्रैक्टर ट्रॉली और भैंसा बुग्गी लगाकर जाम लगा दिया गया है।


जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी लाइनें लग गई है। पुलिस वैकल्पिक मार्गो से वाहनों को निकालकर व्यवस्था को सुचारू बनने की कोशिश कर रही है। लेकिन वैकल्पिक मार्गो से निकलकर जा रहे वाहन चालक रास्तों का ज्ञान न होने की वजह से परेशान होते हुए फिर रहे हैं। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग पर भाकियू की ओर से गांव रोहाना में जाम लगाया गया है। मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर लालूखेड़ी में भाकियू ने सड़क मार्ग को बाधित करते हुए हाईवे को जाम कर रखा है।


जनपद के अन्य स्थानों से भी भाकियू और अन्य किसान संगठनों की ओर से सड़क पर जाम लगाए जाने की जानकारी मिल रही है। सड़कों पर वाहनों के पहिए लगभग पूरी तरह से थम से गए है। किसान संगठन अपनी ओर से सहयोग देते हुए आवश्यक वस्तुओं की गाड़ियों के अलावा चिकित्सा वाहनों को निकाल रहे हैं। तीन कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने मेरठ जिले में कई स्थानों पर यातायात जाम कर दिया है। किसानों ने दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे और करनाल हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे यातायात प्रभावित हुआ है। दौराला में किसानों ने हाईवे पर जाम लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं करनाल हाईवे पर भी किसानों ने जाम लगाया।







epmty
epmty
Top