आवाज के दम पर इस गायक को मिला लता मंगेशकर सम्मान

मुंबई। मध्य प्रदेश सरकार ने बॉलीवुड के गायक शैलेंद्र सिंह को लता मंगेशकर अलंकरण से सम्मानित किया है। संगीतकार जोड़ी आनंद-मिलिंद को भी यह सम्मान मिला है। सन् 1972 में सिर्फ 19 साल की उम्र में प्लेबैक सिंगर के रूप में अपना करियर शुरू करने वाले शैलेंद्र सिंह बॉलीवुड के ऐसे गायक हैं जिन्होंने सैकड़ों, हजारों गीत तो नहीं गाए, लेकिन जो गाया वो यादगार बन गया। उनके सुरों से सजे गाने उनके चाहने वालों के जहन में हमेशा मधुरता का रस घोलते हैं। शैलेंद्र सिंह ने लता मंगेशकर अलंकरण मिलने पर कहा कि, अफसोस यह है कि 37 साल बाद मुझे यह अवार्ड दिया जा रहा है। मैं 38 साल पहले लता जी के साथ शो करने के लिए इंदौर गया था तो उसी दिन स्टेज पर तब के सीएम अर्जुन सिंह ने एनाउंस किया था कि अगले साल से हम लता मंगेशकर अवार्ड शुरू कर रहे हैं। मुझे उसके 37 साल बाद यह मिल रहा है। खैर कहते हैं न देर आय दुरुस्त आए... मिला तो सही। मध्य प्रदेश सरकार ने पिछली बार लता मंगेशकर सम्मान समारोह सात फरवरी 2020 को आयोजित किया था। इसके बाद दो वर्षों तक कोविड-19 के प्रकोप के कारण यह समारोह आयोजित नहीं किया जा सका।
राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान संगीत क्षेत्र में कलात्मक श्रेष्ठता को प्रोत्साहित करने के लिए मध्य प्रदेश के संस्कृति विभाग की ओर से दिया जाने वाला सालाना अलंकरण है। इससे सम्मानित कलाकार को दो लाख रुपये की धनराशि और प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाती है। लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ था और उन्होंने छह फरवरी 2022 को मुंबई में आखिरी सांस ली थी। शैलेंद्र सिंह ने लता मंगेशकर के साथ भी गाने गाए। लता जी के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, श्श्उनके बारे में मैं क्या बताऊं, मैं तो बहुत छोटा हूं। इतनी बड़ी शख्सियत और उनके टैलेंट के बारे में तो मैं नहीं समझता
हूं कि कुछ बोलना चाहिए, मैं बहुत छोटा हूं। लेकिन उनके टैलेंट के बारे में तो दुनिया जानती है। सिंगिंग के बारे में तो मैं कुछ बोलना ही नहीं चाहता, एवरीवन नोज... किस कैलिवर की सिंगर थीं वो... और कितनी इम्पारटेंट थीं हम लोगों के लिए... लेकिन मैं बहुत लकी हूं कि मैंने अपनी पहली फिल्म बॉबी में ही उनके साथ डुएट्स गाए। मैं अपने आप को बहुत लकी समझता हूं। वे जाते-जाते भी मुझे अवार्ड दे गईं, मध्यप्रदेश गवर्नमेंट का लता मंगेशकर अवार्ड। शैलेंद्र सिंह ने सिनेमा के लिए कई मधुर गीत गाए। खास बात यह रही कि उनके करीब सभी गीत हिट होते गए। यह कैसे हो सकता है कि किसी गायक के सभी गाने हिट होते चले जाएं? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि, जो लोग मेरा गाना पसंद करते हैं उनकी मेहरबानी है कि मेरे गाने हिट होते रहे। लोगों के पसंद करने की एक वजह यह हो सकती है कि मेरी आवाज किसी से मिलती नहीं है। (हिफी)