7 DAY BREAK में गलतियों को सुधारेंगे: महेंद्र सिंह धोनी

7 DAY BREAK में गलतियों को सुधारेंगे: महेंद्र सिंह धोनी

दुबई। आईपीएल में लगातार दूसरी हार से निराश चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि उनकी टीम को तीन मैच खेलने के बाद सात दिन का ब्रेक मिला है जिसमें टीम आत्ममंथन कर अपनी गलतियों को सुधारने पर काम करेगी।

चेन्नई को शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 44 रन से हार का सामना करना पड़ा था। चेन्नई की तीन मैचों में यह लगातार दूसरी हार थी। चेन्नई को अब अपना चौथा मुकाबला दो अक्टूबर को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दुबई में खेलना है। धोनी ने कहा कि टीम को अब सात दिन का ब्रेक मिला है जो खिलाड़ियों के लिए जरूरी है।

महेंद्र सिंह धोनी ने मैच के बाद कहा, "हमें इस दौरान अपनी गलतियों पर बात करने और उन्हें सुधारने का मौका मिलेगा। हमारे प्रमुख बल्लेबाज अंबाटी रायुडू को चोट से उबरने के लिए पूरा समय मिल जाएगा जिससे वह अगले मैच के लिए उपलब्ध हो सकेंगे। हमने पिछली दो पराजयों में जो कमियां दिखाई हैं उन्हें दूर करना जरूरी है जिससे हम सात दिन के ब्रेक के बाद होने वाले मुकाबले में मजबूती के साथ वापसी कर सकें।"

रनों के लिहाज से आईपीएल इतिहास में चेन्नई की यह संयुक्त रूप से यह तीसरी सबसे बड़ी हार थी। चेन्नई की टीम 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब से 44 रन से हारी थी।

तीन बार के चैंपियन और गत उपविजेता धोनी ने कहा कि मध्यक्रम के बल्लेबाज रायुडू के टीम में शामिल होने के बाद ही टीम का संतुलन बेहतर होगा। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में 71 रन की पारी खेलने वाले रायुडू चोटिल होने के काऱण राजस्थान और दिल्ली के खिलाफ अगले दो मुकाबलों में नहीं खेल पाए।

महेंद्र सिंह धोनी ने दिल्ली के खिलाफ मुकाबले के लिए कहा, "यह हमारे लिए अच्छा मुकाबला नहीं रहा। मैदान में ओस नहीं थी और पिच भी धीमी हो गयी थी। हमें बल्लेबाजी में जोश की कमी महसूस हो रही है और इससे टीम का प्रदर्शन प्रभावित हो रहा है। धीमी शुरुआत के बाद जरुरी रन रेट तेजी से बढ़ रहा था जिससे टीम पर दबाव बढ़ने लगा। हमें इस बारे में सोचना होगा। हमें टीम संयोजन बेहतर करना होगा और गलती से सीख लेकर वापसी करनी होगी।"

महेंद्र सिंह धोनी ने कहा, "रायुडू के अगले मुकाबले में टीम में शामिल होने से शायद टीम का संतुलन सही बनेगा। इससे हमें अतिरिक्त गेंदबाज खेलाने का प्रयोग करने का मौका भी मिल जायगा। इसमें कई और भी चीजें है जिनके बारे में हमें सोचना होगा। हमें अच्छी शुरुआत के बारे में सोचना होगा ताकि आगे के बल्लेबाजों पर उतना दबाव नहीं बने जैसा इस मैच में हो गया था। हमें लेंथ, लाइन और तेजी में भी बेहतर करना होगा। मेरे ख्याल से हमारे स्पिनर अभी तक अपनी लय हासिल नहीं कर सके हैं जबकि स्पिनर हमारी ताकत माने जाते हैं।"

महेंद्र सिंह धोनी ने कहा, "हमने अच्छी गेंदबाजी की थी लेकिन हमारे गेंदबाज बीच में ऐसी गेंद भी डाल रहे हैं जिन पर आसानी से बॉउंड्री लग सके। मैंने खिलाड़ियों से कहा है कि वे कैच नहीं छोड़ें। खिलाड़ियों को ऐसी लाइट्स में खेलने की आदत नहीं है। हो सकता है कि इससे उन्हें दिक्कत हो रही है लेकिन हम इसमें भी सुधार करेंगे। "

वार्ता

epmty
epmty
Top